हावड़ा – पश्चिम बंगाल, बात हिन्दुस्तान की।
●जेयू में नक्सलियों और माओवादियों ने ढेरा जमा रखा है
●जहां भ्रष्टाचार है, वहीं पुलिस और दमकल पहुंचती है
●नये उद्योग लगेंगे और दूसरे राज्यों में काम करने वाले युवक अब बंगाल में नौकरी करेंगे
इंडियन मेडिकल एसोसिएशन हॉल में आयोजित एक कार्यक्रम में पहुंचे भाजपा के राज्यसभा सांसद राहुल सिन्हा ने कहा कि हावड़ा शहर की इस बदहाल हालत के लिए निश्चित तौर पर पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी जिम्मेवार हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सिर्फ राजनैतिक लाभ लेने के उद्देश्य से उन्होंने हावड़ा नगर निगम का चुनाव नहीं कराया, क्यों कि उन्हें हार का डर था। उन्होंने कहा कि अब चुनाव होगा और इस शहर का कायाकल्प बदल जायेगा। इस शहर को इस तरह से विकसित किया जायेगा कि हावड़ा शहर की जनता भी अपने इस शहर को पहचान नहीं पायेगी। नागरिक सुविधा बढ़ाने के लिए सभी कदम उठाये जायेंगे और इस शहर को एक नया रूप दिया जायेगा।
तृणमूल सांसद अभिषेक बनर्जी के कैमेक स्ट्रीट स्थित कार्यालय में पुलिस और दमकल पहुंचने के बारे में पूछे जाने पर भाजपा सांसद ने कहा कि जहां भ्रष्टाचार है, वहीं पुलिस और दमकल पहुंचती है। सरकारी अधिकारियों पर हमले के बारे में उन्होंने कहा कि हमलावरों को बख्शा नहीं जायेगा और कार्रवाई होगी।
जादवपुर विश्वविद्यालय में हाल के दिनों में हुई हिंसा और मारपीट के बारे में राहुल सिन्हा ने कहा कि जेयू में नक्सलियों और माओवादियों ने ढेरा जमा रखा है। विश्वविद्यालय के कैंपस के अंदर बाहर से गुंडे आते हैं और इसमें भी पूर्व मुख्यमंत्री का हाथ है, लेकिन हमलोग छोड़ने वाले नहीं हैं। राज्य की नयी सरकार यह सब नहीं होने देगी। कैंपस के अंदर देश विरोधी नारे लगाने वाले को निकाल बाहर किया जायेगा और जेयू को हिंसामुक्त किया जायेगा।
जीडीपी के बारे में भाजपा सांसद ने कहा कि भारत में जीडीपी स्थिर है। युद्ध के बाद भी भारत में ईंधन का दाम नहीं बढ़ा है। यह सब पीएम मोदी के लिए संभव हुआ है। देश के साथ-साथ राज्य का प्रगति अब कोई नहीं रोक सकता है। राज्य में भी समग्र विकास होगा. नये उद्योग लगेंगे और दूसरे राज्यों में काम करने वाले युवक अब बंगाल में नौकरी करेंगे।
Baat Hindustan Ki Online News Portal