हावड़ा – पश्चिम बंगाल, बात हिन्दुस्तान की
सीपीआईएम दक्षिण पूर्व हावड़ा एरिया कमेटी के अंतर्गत हावड़ा मिल बस्ती ब्रांच, वार्ड नंबर 30 की ओर से शिवपुर स्थित रसिकलाल बनर्जी लेन में 31 अगस्त 1959 के खाद्य आंदोलन के शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई।
इस अवसर पर सीपीआईएम हावड़ा जिला कमेटी के सदस्य शैलेन्द्र कुमार राय ने झंडोत्तोलन किया और शहीद बेदी पर माल्यार्पण कर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शैलेन्द्र कुमार राय ने खाद्य आंदोलन के इतिहास पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में भी आम और गरीब जनता महंगाई एवं बेरोजगारी की मार झेल रही है। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार पर पूंजीपतियों के हित में काम करने का आरोप लगाते हुए कहा कि गरीबों की समस्याओं की ओर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि खाद्य आंदोलन के शहीदों को याद करते हुए सभी को यह संकल्प लेना चाहिए कि भोजन, आवास, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे बुनियादी अधिकारों के लिए एकजुट होकर आंदोलन किया जाएगा तथा लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखा जाएगा।
इस कार्यक्रम में सीटू नेता प्रणव चटर्जी, ब्रांच सचिव सुरेश प्रसाद, श्रीकांत जायसवाल, प्रकाश प्रसाद, असित दास, रमेश राय, अमिताभ दत्त सहित पार्टी के अन्य नेता, कार्यकर्ता और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
Baat Hindustan Ki Online News Portal