हावड़ा – पश्चिम बंगाल, बात हिन्दुस्तान की।
लंबे समय से जर्जर हालत में पड़े हावड़ा बस टर्मिनस को अब आधुनिक स्वरूप देने की योजना राज्य सरकार ने बनाई है। सोमवार को हावड़ा स्टेशन से सटे बस टर्मिनस क्षेत्र का निरीक्षण करने के बाद नगर विकास राज्य मंत्री उमेश राय ने इस महत्वाकांक्षी योजना की जानकारी दी।
मौजूदा बस टर्मिनस की बदहाल आधारभूत संरचना, टूटी-फूटी छत, अस्वच्छ वातावरण और यात्रियों को हो रही परेशानियों का उल्लेख करते हुए मंत्री ने बताया कि सबसे पहले एक अस्थायी बस स्टैंड बनाने का काम शुरू किया जाएगा। इसकी योजना पहले ही तैयार की जा चुकी है। इसके बाद एक बड़े और आधुनिक बस टर्मिनस का निर्माण किया जाएगा।
मंत्री ने बताया कि भविष्य में हावड़ा बस टर्मिनस को मल्टी-लेवल ट्रांसपोर्ट हब के रूप में विकसित करने की योजना है। उनकी परिकल्पना के अनुसार, ग्राउंड फ्लोर पर बस स्टैंड होगा। पहली मंजिल पर टैक्सी, ओला, उबर, रैपिडो समेत विभिन्न परिवहन सेवाओं की व्यवस्था रहेगी। ऊपरी मंजिलों पर बाजार, मल्टीप्लेक्स और सिनेप्लेक्स भी बनाए जा सकते हैं।
उमेश राय ने कहा कि परियोजना काफी बड़ी है, इसलिए विशेषज्ञों की सलाह लेकर इसकी अंतिम रूपरेखा तैयार की जाएगी। इस काम में रेलवे, केएमडीए, हावड़ा नगर निगम और जिला प्रशासन को साथ लेकर संयुक्त रूप से काम करने की भी योजना है।
मंत्री के अनुसार, लक्ष्य यह है कि हावड़ा स्टेशन पर उतरते ही यात्रियों को ऐसा महसूस हो कि वे किसी आधुनिक अंतरराष्ट्रीय शहर में आ गए हैं। इसी उद्देश्य से हावड़ा बस टर्मिनस में व्यापक बदलाव और आधुनिकीकरण की योजना बनाई जा रही है।
Baat Hindustan Ki Online News Portal