Breaking News

बेलूर मठ से नवान्न, शालीमार और मेट्रो स्टेशन तक बस सेवा शुरू करने की अपील

हावड़ा – पश्चिम बंगाल, बात हिन्दुस्तान की।

हावड़ा की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था में सुधार और यात्रियों की सुविधाएं बढ़ाने की मांग को लेकर राष्ट्र निर्माण संघ के संस्थापक अजय कुमार झा ने परिवहन मंत्री अर्जुन सिंह को सात सूत्री मांगपत्र सौंपा। इसमें बस सेवाओं के विस्तार, पुराने मिनी बस रूट की बहाली, ऑटो के निर्धारित मार्ग पर परिचालन, किराया सूची प्रदर्शित करने और यात्रियों की शिकायतों के त्वरित समाधान जैसे मुद्दे उठाए गए हैं।

राष्ट्र निर्माण संघ की ओर से सौंपे गए मांगपत्र में बेलूर मठ अथवा बाली खाल से नवान्न और शालीमार रेलवे स्टेशन तक नियमित सरकारी बस सेवा शुरू करने की मांग की गई है। संगठन का कहना है कि इससे यात्रियों को आवागमन में सुविधा होगी।

इसके अलावा, बेलगछिया से सालकिया होते हुए सॉल्टलेक तक चलने वाले पुराने मिनी बस रूट नंबर 17 को फिर से शुरू करने की मांग की गई है। बामनगाछी ब्रिज के चालू होने तक यात्रियों की सुविधा के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करने का भी सुझाव दिया गया है।

मांगपत्र में यह भी कहा गया है कि यदि सॉल्टलेक रूट पर पर्याप्त यात्री नहीं मिलते हैं, तो बेलगछिया से सालकिया होते हुए चितपुर स्थित कोलकाता रेलवे स्टेशन तक बस सेवा शुरू करने की संभावना पर विचार किया जाए।

●किराया वसूली और ऑटो परिचालन पर भी जोर

राष्ट्र निर्माण संघ ने बस, मिनी बस और ऑटो में स्वीकृत किराये की सूची स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करना अनिवार्य करने की मांग की है। संगठन के अनुसार, इससे यात्रियों को निर्धारित किराये की जानकारी मिलेगी और अधिक किराया वसूले जाने की शिकायतों पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।

वहीं, ऑटो चालकों द्वारा निर्धारित गंतव्य तक जाने के बजाय बीच रास्ते से ही वाहन वापस लौटा देने की समस्या पर कार्रवाई करने की मांग की गई है। संगठन ने यात्रियों को उनके निर्धारित गंतव्य तक पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

यात्रियों की सुविधा के लिए बेलूर मठ और बेलगछिया से हावड़ा मैदान मेट्रो स्टेशन तक नियमित बस सेवा शुरू करने का प्रस्ताव भी रखा गया है। इससे मेट्रो से यात्रा करने वाले लोगों को स्टेशन तक पहुंचने में सहूलियत होगी।

●शिकायतों के लिए हेल्पलाइन शुरू करने की मांग

सार्वजनिक परिवहन से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए संगठन ने टोल-फ्री हेल्पलाइन और आधिकारिक ईमेल व्यवस्था शुरू करने की मांग की है। साथ ही, शिकायतों की समयबद्ध जांच, नियमानुसार कार्रवाई और शिकायतकर्ताओं को कार्रवाई की जानकारी देने की व्यवस्था करने का सुझाव दिया गया है।

राष्ट्र निर्माण संघ के संस्थापक अजय कुमार झा ने परिवहन विभाग से इन सातों मांगों पर विचार कर आवश्यक कदम उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुविधा, किराये में पारदर्शिता और शिकायतों का त्वरित निपटारा सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए जरूरी है।

About editor

Check Also

चक्रवाती तूफान ‘अर्णव’ के मद्देनजर दक्षिण पूर्व रेलवे ने कई ट्रेनें कीं रद्द

हावड़ा – पश्चिम बंगाल, बात हिन्दुस्तान की ●हावड़ा-जगदलपुर एक्सप्रेस 27 से 30 अक्टूबर तक नहीं …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *