Breaking News

71,204 रुपये की कफ सिरप बरामद, मुंबई मेल से संबलपुर ले जाने की थी तैयारी

हावड़ा – पश्चिम बंगाल, इंडिया इनसाइड न्यूज।

●350 बोतल कफ सिरप के साथ ओडिशा के दो युवक गिरफ्तार

रेलवे में नशीले पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए चलाए जा रहे अभियान ‘ऑपरेशन नार्कोस’ के तहत आरपीएफ और सीआईबी हावड़ा की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। दोनों के पास से 350 बोतल विन्सेरेक्स कफ सिरप बरामद की गई है, जिसकी अनुमानित कीमत 71,204 रुपये बताई गई है।

आरपीएफ से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 26 अक्टूबर, 2026 को हावड़ा रेलवे स्टेशन के पुराने परिसर में आरपीएफ/सीआईबी हावड़ा ने आरपीएफ सेंट्रल पोस्ट और डॉग स्क्वॉड के साथ मिलकर विशेष जांच अभियान चलाया। इसी दौरान स्टेशन के नॉर्थ कॉनकोर्स और सबवे क्षेत्र में दो संदिग्ध युवकों को पकड़ा गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद कासिम (32) और राहुल तुपाकी (29) के रूप में हुई है। दोनों ओडिशा के संबलपुर के निवासी हैं। वे प्लेटफॉर्म संख्या 1 से 15 की ओर जा रहे थे, जहां से उन्हें ट्रेन संख्या 12810 अप मुंबई मेल में सवार होना था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बरामद कफ सिरप की खेप संबलपुर ले जाई जा रही थी।

तलाशी के दौरान आरोपियों के बैकपैक और ट्रॉली बैग से कफ सिरप की 350 बोतलें बरामद की गईं। इसके अलावा, उनके पास से ओप्पो कंपनी के दो मोबाइल फोन भी मिले।

कार्रवाई के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर हावड़ा जीआरपीएस के हवाले कर दिया गया। इस मामले में 27 अक्टूबर 2026 को एनडीपीएस अधिनियम, 1985 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

About editor

Check Also

चक्रवाती तूफान ‘अर्णव’ के मद्देनजर दक्षिण पूर्व रेलवे ने कई ट्रेनें कीं रद्द

हावड़ा – पश्चिम बंगाल, बात हिन्दुस्तान की ●हावड़ा-जगदलपुर एक्सप्रेस 27 से 30 अक्टूबर तक नहीं …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *