Breaking News

2029 में न मोदी PM रहेंगे, न BJP सत्ता में होगी; आसनसोल में कल्याण बनर्जी का बड़ा दावा, शुभेंदु पर भी साधा निशाना

आसनसोल – पश्चिम बंगाल।

21 जुलाई की तृणमूल कांग्रेस की शहीद दिवस रैली की तैयारियों को लेकर आसनसोल के राहा लेन स्थित पार्टी कार्यालय में आयोजित बैठक में पहुंचे तृणमूल कांग्रेस सांसद कल्याण बनर्जी ने केंद्र की भाजपा सरकार और पश्चिम बंगाल में भाजपा नेतृत्व पर तीखा हमला बोला। मीडिया से बातचीत में कल्याण बनर्जी ने दावा किया कि पूरे देश में भाजपा के खिलाफ माहौल बन चुका है और 2029 के लोकसभा चुनाव के बाद नरेन्द्र मोदी प्रधानमंत्री नहीं रहेंगे और न ही भाजपा सत्ता में होगी।

उन्होंने आरोप लगाया कि देश में लोकतंत्र को कमजोर किया जा रहा है, विपक्ष की आवाज दबाई जा रही है और लोकतांत्रिक संस्थाओं पर दबाव बनाया जा रहा है। उनके मुताबिक, देश की जनता इसका जवाब देगी।

उन्होंने कहा कि भाजपा की राजनीति का एकमात्र उद्देश्य विपक्ष को कमजोर करना और विपक्षी दलों के सांसदों को अपने साथ जोड़कर अपने मनमाफिक विधेयक पारित कराना है। हालांकि उनका दावा था कि आने वाले समय में भाजपा ऐसा नहीं कर पाएगी।

पश्चिम बंगाल की कानून-व्यवस्था पर निशाना साधते हुए कल्याण बनर्जी ने आरोप लगाया कि राज्य में भाजपा नहीं, बल्कि पुलिस भाजपा का संगठन चला रही है। उन्होंने कहा कि तृणमूल कार्यकर्ताओं और नेताओं को पुलिस के जरिए डराया-धमकाया जा रहा है, लेकिन पार्टी जनता के साथ आगे बढ़ती रहेगी।

दल छोड़कर भाजपा में शामिल हुए नेताओं पर भी उन्होंने हमला बोला। उन्होंने कहा कि तृणमूल छोड़कर जाने वाले नेताओं को जनता और पार्टी कार्यकर्ता स्वीकार नहीं कर रहे हैं। उनके अनुसार, ये नेता अपने-अपने क्षेत्रों में खुलकर नहीं घूम पा रहे हैं और न ही कार्यकर्ताओं की बैठकें कर पा रहे हैं।

कल्याण बनर्जी ने आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल में शुभेंदु अधिकारी की एक “बी-टीम” तैयार की जा रही है, जिसमें तृणमूल से गए ऐसे लोगों को जगह दी जा रही है जिन पर पहले भ्रष्टाचार और अन्य आरोप लगते रहे हैं। उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा कि ऐसे नेताओं को भाजपा में शामिल किए जाने से उन्हें कोई आपत्ति नहीं, बल्कि खुशी है।

भाजपा में तृणमूल कांग्रेस नेताओं को शामिल किये जाने पर भाजपा के प्रदेश नेतृत्व को लेकर भी उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि पार्टी के भीतर ही अलग-अलग नेताओं के बयान विरोधाभासी हैं। उन्होंने भाजपा के पुराने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे अपने राजनीतिक स्थान को उन नेताओं के लिए न छोड़ें जो चुनाव के बाद तृणमूल छोड़कर भाजपा में शामिल हुए हैं।

About editor

Check Also

हावड़ा में चढ़ा अर्जेंटीना का फुटबॉल फीवर, समर्थकों में दिखा जबरदस्त उत्साह

हावड़ा – पश्चिम बंगाल। पश्चिम बंगाल में फुटबॉल विश्व कप का खुमार सिर चढ़कर बोल …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *