हावड़ा – पश्चिम बंगाल, बात हिन्दुस्तान की।
ग्रामीण हावड़ा के जयपुर थाना अंतर्गत भाटोरा गांव में आवास योजना के तहत मिलने वाली राशि बहू के हाथ में नहीं देना सास को महंगा पड़ गया। बहू ने अपने पति के दो साथियों के साथ मिलकर सास की गला दबाकर हत्या कर दी और शव को घर से कुछ दूर झाड़ी में फेंक दिया। इसके बाद खुद बहू अपनी ननद के साथ थाने पहुंची और सास के लापता होने की शिकायत दर्ज करायी। बहू के हरकत पर पुलिस को शक हुआ। पुलिस ने सख्ती से पूछताछ शुरू की। अंततः बहू ने हत्या करने की बाद कबूल कर ली। इसके बाद पुलिस ने पहले बहू को और बाद में फरार दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मृतका का नाम भीवा बेरा (82) और आरोपी बहू का नाम अनिमा बेरा है।
जानकारी के अनुसार, अनिमा बेरा का पति गुजरात में काम करता है। घर पर सास-बहू रहती है। पिछले दिनों आवास योजना के तहत सास को रकम मिली थी। बहू ने सास को रुपये देने के लिए कहा, लेकिन सास ने रुपये देने से इंकार कर दिया। बुधवार को अनिमा ने अपने पति के दो साथियों को श्रीकांत और सुनील को घर बुलाया और दोनों की मदद से सोते हुए हालत में सास की गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को एक बोरे में भरकर झाड़ी में फेंक दिया। अनिमा बेरा ने सास की लापता होने की खबर अपने दो ननद को दी। तीनों गुरुवार को थाने पहुंचे और गुमशुदगी की शिकायत दर्ज करायी। पुलिस को शुरू से ही बहू के बातचीत और हरकत में शक था। पुलिस ने स्थानीय लोगों से पूछताछ की।
ग्रामीणों ने भी पुलिस को बहू के खिलाफ बयान दिया। इसके बाद पुलिस ने बहू से पूछताछ शुरू की। पूछताछ में उसने अपनी गुनाह कबूल कर ली। इसके बाद पुलिस उसे लेकर वहां पहुंची, जहां शव को छुपाया गया था। पुलिस ने झाड़ी से शव को बरामद किया और इसके बाद बाकी दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस तीनों आरोपियों से पूछताछ कर जांच में जुटी है।
Baat Hindustan Ki Online News Portal