हावड़ा – पश्चिम बंगाल, बात हिन्दुस्तान की।
हावड़ा के रामराजातला स्थित बकुलतला लेन में जटिया बाबा स्मृति संघ की ओर से आयोजित काली पूजा इस वर्ष 54वें वर्ष में प्रवेश कर गई है। इस पूजा का आयोजन खेयाली संघ के संचालन में किया जा रहा है। यहां हर वर्ष पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार मां काली की आराधना की जाती है।
बताया जाता है कि एक समय बकुलतला लेन में जटिया बाबा का आश्रम हुआ करता था। साधक जटिया बाबा इसी आश्रम में शक्ति की साधना किया करते थे। उस समय इस इलाके में आबादी काफी कम थी। उनके निधन के बाद आश्रम की जगह पर एक प्राथमिक विद्यालय की स्थापना की गई, जिसका नाम जटिया बाबा प्राथमिक विद्यालय रखा गया। इसी के साथ जटिया बाबा स्मृति संघ का भी गठन हुआ।
संघ के सदस्यों ने मां शक्ति की आराधना शुरू की। काली पूजा के दिन आज भी आश्रम की पुरानी परंपराओं, रीति-रिवाजों और ऐतिहासिक विरासत को बरकरार रखते हुए पूजा-अर्चना की जाती है। इस वर्ष भी उसी परंपरा का पालन किया जा रहा है।
काली पूजा के दौरान यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की भीड़ उमड़ती है। 54 वर्षों से चली आ रही यह पारंपरिक पूजा इलाके की धार्मिक आस्था और ऐतिहासिक विरासत का प्रतीक बनी हुई है।
Baat Hindustan Ki Online News Portal