उलूबेड़िया – पश्चिम बंगाल।
पारिवारिक कलह के चलते पति द्वारा पत्नी पर फावड़े (शाबल) से हमला करने का मामला सामने आया है। गंभीर रूप से घायल महिला का कोलकाता के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना शुक्रवार सुबह श्यामपुर थाना क्षेत्र के डिहीमंडल घाट स्थित बनिया खांपाड़ा की है। घायल महिला की पहचान जुमांतान बीबी (28) के रूप में हुई है। आरोपी पति फिरोज अली को श्यामपुर थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
पुलिस और स्थानीय सूत्रों के अनुसार, पिछले काफी समय से विभिन्न कारणों को लेकर फिरोज और उसकी पत्नी के बीच विवाद चल रहा था। शुक्रवार सुबह दोनों के बीच एक बार फिर कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि इसी दौरान फिरोज ने शाबल से जुमांतान पर हमला कर दिया। उसने उसके सिर पर जोरदार वार किया, जिससे वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ी।
घायल महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उसे गंभीर हालत में पहले झुमझुमी ग्रामीण अस्पताल ले गए। वहां से उसे उलूबेड़िया शरतचंद्र चट्टोपाध्याय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर किया गया। बाद में हालत बिगड़ने पर उसे कोलकाता के एक निजी अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
घायल महिला के परिवार के अनुसार, उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं, आरोपी के परिवार ने बताया कि करीब दस वर्ष पहले दोनों की शादी हुई थी। उनके एक बेटा और एक बेटी हैं। लंबे समय से दोनों के बीच पारिवारिक विवाद चल रहा था, जिसके चलते यह घटना हुई।
Baat Hindustan Ki Online News Portal