हावड़ा – पश्चिम बंगाल, बात हिन्दुस्तान की।
हावड़ा के जगाछा थाना क्षेत्र में एक गैराज मालिक से कथित तौर पर रंगदारी मांगने और धमकी देने के मामले में पुलिस ने एक सिविक वॉलंटियर समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान तनमय घोष और अनिर्बान घोष के रूप में हुई है। तनमय घोष जगाछा थाने में सिविक वॉलंटियर के रूप में तैनात था, जबकि अनिर्बान घोष स्थानीय न्यूज चैनल ‘तलाश बार्ता’ से जुड़े बताए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, 28 नवंबर को रामतला स्टेशन के पास गैराज चलाने वाले एक कारोबारी ने जगाछा थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में आरोप लगाया गया कि दोनों आरोपियों ने गैराज के रेलवे की जमीन पर स्थित होने का हवाला देकर उन्हें डराया-धमकाया और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी देते हुए 30 हजार रुपये की मांग की।
शिकायतकर्ता का दावा है कि वह पहले ही आरोपियों को 25 हजार रुपये दे चुके थे। इसमें 20 हजार रुपये नकद और 5 हजार रुपये यूपीआई के माध्यम से दिए गए थे। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि धमकी, जबरन वसूली या पद के दुरुपयोग की किसी भी घटना की जानकारी तत्काल नजदीकी थाने या हावड़ा सिटी पुलिस को दें।
Baat Hindustan Ki Online News Portal