Breaking News

हावड़ा के शिवपुर में स्थित है चमत्कारी ‘हजार हाथ कालीतला’ मंदिर, जहां आज तक नहीं गिने जा सके देवी के हजार हाथ

हावड़ा – पश्चिम बंगाल, बात हिन्दुस्तान की।

हावड़ा शहर की भीड़भाड़ और शोरगुल के बीच शिवपुर के ओलाबिबितला में एक ऐसा प्राचीन मंदिर स्थित है, जिसका इतिहास और धार्मिक मान्यताएं लोगों को आश्चर्यचकित कर देती हैं। इस मंदिर का नाम है ‘हजार हाथ कालीतला’। बंगाल के अन्य काली मंदिरों से यह मंदिर बिल्कुल अलग है, क्योंकि यहां मां की प्रतिमा के दो या चार नहीं, बल्कि हजार हाथ होने की मान्यता है।

इस मंदिर का इतिहास करीब 155 वर्ष पुराना बताया जाता है। जनश्रुति के अनुसार, वर्ष 1870-80 के आसपास कोलकाता के चोरबागान निवासी तांत्रिक आशुतोष मुखोपाध्याय, जिन्हें आशुतोष तर्करत्न के नाम से भी जाना जाता था, को स्वप्न में देवी के इस अद्भुत स्वरूप के दर्शन हुए थे। मान्यता है कि मार्कण्डेय पुराण और दुर्गा सप्तशती के 22वें अध्याय में वर्णित उस स्वरूप से प्रेरित होकर उन्होंने मंदिर निर्माण का संकल्प लिया था, जिसमें असुरों के संहार के समय मां दुर्गा ने हजार हाथों वाला रूप धारण किया था।

हालांकि मंदिर निर्माण की इच्छा होने के बावजूद आशुतोष मुखोपाध्याय के पास पर्याप्त आर्थिक संसाधन नहीं थे। ऐसे में स्थानीय हलदार परिवार और क्षेत्र के लोगों ने आगे बढ़कर सहयोग किया। महज 125 रुपये में तीन कठ्ठा जमीन खरीदकर सबसे पहले यहां मिट्टी का मंदिर बनाया गया। कुम्हारटोली के प्रसिद्ध मूर्तिकार प्रियनाथ पाल ने देवी की प्रतिमा तैयार की थी। बुद्ध पूर्णिमा के पावन अवसर पर मंदिर में देवी की प्राण-प्रतिष्ठा की गई। बाद में मिट्टी का मंदिर क्षतिग्रस्त होने के बाद सीमेंट, चूना, बालू और ईंटों से वर्तमान विशाल पक्के मंदिर का निर्माण कराया गया। आज भी आशुतोष मुखोपाध्याय के वंशज पीढ़ी-दर-पीढ़ी मंदिर के सेवा की जिम्मेदारी निभा रहे हैं।

●25 फीट ऊंची है देवी की अद्भुत प्रतिमा

इस मंदिर की सबसे बड़ी विशेषता यहां स्थापित देवी की विशाल प्रतिमा है। देवी का रंग नीला है और प्रतिमा की ऊंचाई करीब 25 फीट बताई जाती है। सामान्य काली प्रतिमाओं के विपरीत यहां मां की जीभ बाहर निकली हुई नहीं है। देवी का दायां पैर सिंह की पीठ पर और बायां पैर कमल पर स्थापित है। मंदिर में तांत्रिक विधि-विधान से पूजा-अर्चना की जाती है, लेकिन यहां कभी भी बलि प्रथा नहीं रही है।

●आज तक कोई नहीं गिन पाया देवी के हाथ

इस मंदिर से जुड़ी सबसे रहस्यमयी मान्यता यह है कि आज तक कोई भी देवी के सभी हाथों की सही संख्या नहीं गिन पाया है। कहा जाता है कि एक व्यक्ति ने देवी के हाथों को गिनने का प्रयास किया था, लेकिन वह असफल रहा। इसके बाद से किसी ने भी दोबारा इस कोशिश की हिम्मत नहीं की।

‘हजार हाथ कालीतला’ मंदिर केवल एक धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि हावड़ा के इतिहास, आस्था, लोकविश्वास और तांत्रिक साधना की एक अनूठी विरासत है। यही वजह है कि यह मंदिर आज भी श्रद्धालुओं और इतिहास में रुचि रखने वाले लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। यहां पर भोग में सभी तरह की सामग्री मां को पड़ोसी जाती है मीठा चावल भात दाल सब्जी मछली मिठाई इत्यादि का भोग मां को अर्पित किया जाता है।

About editor

Check Also

हावड़ा स्टेशन पर 2.54 करोड़ रुपये का सोना जब्त

हावड़ा – पश्चिम बंगाल, बात हिन्दुस्तान की। ●एक तस्कर गिरफ्तार पूर्व रेलवे आरपीएफ ने ‘ऑपरेशन …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *