Breaking News

इस्तीफा नहीं देने की ‘सजा’! आधी रात पंचायत प्रधान के घर पर हमला, सीसीटीवी तोड़े; जगतबल्लभपुर में तनाव

जगतबल्लभपुर, हावड़ा – पश्चिम बंगाल।

पंचायत प्रधान के पद से इस्तीफा नहीं देने को लेकर कथित तौर पर दबाव के बीच शनिवार रात कुछ नकाबपोश बदमाशों ने पॉलगुस्तिया ग्राम पंचायत के प्रधान और एक पंचायत सदस्य के घर पर जमकर तांडव मचाया। आरोप है कि बदमाशों ने घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे तोड़ दिए, दरवाजे-खिड़कियों पर लाठी-बांस से वार किया और मकान पर जमकर ईंट-पत्थर बरसाए। घटना को लेकर इलाके में तनाव फैल गया।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, पॉलगुस्तिया ग्राम पंचायत के प्रधान शेख निजाम पर विधानसभा चुनाव के परिणाम घोषित होने के बाद से ही पद से इस्तीफा देने का दबाव बनाया जा रहा था। आरोप है कि बार-बार धमकी दिए जाने के बावजूद इस्तीफा नहीं देने पर शनिवार रात कुछ नकाबपोश बदमाश उनके तथा एक पंचायत सदस्य के घर पहुंच गए।

बताया जा रहा है कि बदमाशों ने सबसे पहले घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे को तोड़ दिया। इसके बाद लाठी और बांस लेकर दरवाजे-खिड़कियों पर हमला किया और घर की छत तथा अन्य हिस्सों पर ईंट-पत्थर फेंके। घटना के समय घर में पुरुष सदस्य मौजूद नहीं थे। आरोप है कि बदमाशों ने घर की महिलाओं के साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और धमकी दी कि यदि जल्द इस्तीफा नहीं दिया गया तो रात 10 बजे के बाद दोबारा हमला किया जाएगा।

घटना की सूचना मिलते ही जगतबल्लभपुर थाने की बड़ी संख्या में पुलिस मौके पर पहुंची। इलाके में फिलहाल पुलिस बल तैनात किया गया है।

पीड़ित परिवार की महिलाओं का आरोप है कि विधानसभा चुनाव में हार के बाद से प्रधान समेत परिवार के पुरुष सदस्य घर से बाहर हैं। उनका दावा है कि विरोधी पक्ष झूठे मामलों में फंसाकर परिवार को परेशान कर रहा है। परिवार ने आरोप लगाया कि प्रधान द्वारा इस्तीफा नहीं दिए जाने के कारण सीपीआईएम और आईएसएफ ने कथित तौर पर मिलकर इस हमले की साजिश रची।

हालांकि, विरोधी दलों ने इन आरोपों को पूरी तरह खारिज किया है। आईएसएफ की ओर से दावा किया गया कि ‘प्रधान किसे बनाया जाएगा’ इसे लेकर तृणमूल कांग्रेस के अंदर ही गुटीय विवाद चल रहा है और इसी आंतरिक कलह के कारण घटना हुई है। भाजपा ने भी इसे दल का आंतरिक गुटीय संघर्ष बताया है और घटना में अपनी किसी भी भूमिका से इनकार किया है।

जगतबल्लभपुर थाने की पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हमले में शामिल लोगों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। घटना के बाद इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है।

About editor

Check Also

कोना ट्रैफिक गार्ड की पहल, बाइक रैली के जरिए लोगों को किया गया सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक

हावड़ा – पश्चिम बंगाल। हावड़ा के कोना ट्रैफिक गार्ड की ओर से रविवार को पथ …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *