–पुष्पा शाव, चंदननगर – हुगली – पश्चिम बंगाल, बात हिन्दुस्तान की।
पश्चिम बंगाल,हुगली के डानकुनी से साइबर ठगी के एक बड़े गिरोह का चंदननगर पुलिस कमिश्नरेट की साइबर क्राइम थाना पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने डानकुनी के सूर्यसेन नगर इलाके में छापेमारी कर बिहार के पांच युवकों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों का संबंध बिहार के नालंदा, गया और शेखपुरा से बताया जा रहा है।
बात हिंदुस्तान की के संवाददाता पुष्पा साव को मिली जानकारी के अनुसार, यह गिरोह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर ऑनलाइन लॉटरी जीतने के फर्जी विज्ञापन चलाता था। इन विज्ञापनों के झांसे में आने वाले लोगों से मोबाइल नंबर सहित अन्य निजी जानकारियां जुटाकर एक डेटाबेस तैयार किया जाता था।
पुलिस के अनुसार, ठगी करने वाले लोगों को नकली दस्तावेज और एआई की मदद से तैयार की गई फर्जी जानकारी दिखाकर विश्वास में लेते थे। लॉटरी में पुरस्कार जीतने का झांसा देने के बाद पुरस्कार की राशि दिलाने के नाम पर अलग-अलग कारणों से पैसे मांगे जाते थे। कभी जीएसटी, कभी टैक्स तो कभी अन्य शुल्क के नाम पर पीड़ितों से रकम वसूली जाती थी।
जांच में यह भी सामने आया है कि ठगी की रकम बिहार के अलग-अलग बैंक खातों में भेजी गई थी। डानकुनी में बैठकर करीब 4 लाख 36 हजार रुपये की साइबर ठगी किए जाने का पता चला है।
चंदननगर पुलिस कमिश्नरेट के डीसी डीडी रूपांतर सेनगुप्ता ने बताया कि साइबर अपराध पर रोक लगाने के लिए हॉटस्पॉट के रूप में चिह्नित इलाकों में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत मिलने के बाद जांच शुरू की गई थी। डानकुनी से गिरफ्तार किए गए पांच आरोपियों सहित अब तक इस मामले में कुल 20 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से 20 मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, 22 सिम कार्ड, 23 डेबिट कार्ड और एक पासबुक बरामद की है। इसके अलावा, एआई की मदद से तैयार की गई कई फर्जी जानकारियां और दस्तावेज भी पुलिस को मिले हैं।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों तथा बैंक खातों की जानकारी जुटाई जा रही है।
Baat Hindustan Ki Online News Portal