हावड़ा – पश्चिम बंगाल, बात हिन्दुस्तान की
दुर्गापूजा के उत्सवी माहौल के बीच अष्टमी के दिन हावड़ा के लिलुआ स्थित रवींद्र सरणी इलाके में एक घर के गैरेज में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग की चपेट में आकर एक विदेशी कार, एक अन्य महंगी कार और दो बाइक जलकर राख हो गईं। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक, इस अग्निकांड में कई लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अष्टमी के दिन घर के सभी सदस्य किसी रिश्तेदार के यहां गए हुए थे। घर पूरी तरह खाली था। इसी दौरान अचानक घर के गैरेज से आग की लपटें और काला धुआं निकलने लगा। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और गैरेज में खड़े चार वाहन इसकी चपेट में आ गए।
घटना की सूचना मिलते ही बाली दमकल केंद्र से तीन दमकल इंजन मौके पर पहुंचे। दमकलकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। सूचना मिलने पर लिलुआ थाने की पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची।
फिलहाल खाली घर के गैरेज में आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस और दमकल विभाग की ओर से मामले की जांच की जा रही है।
Baat Hindustan Ki Online News Portal