
Sonu jha
कोलकाता : कोलकाता में कवि सुभाष से बेलेघाटा तक मेट्रो सेवा दिसंबर 2023 में शुरू हो सकती है। कोलकाता मेट्रो रेलवे के महाप्रबंधक पी उदयकुमार रेड्डी ने शहर में मेट्रो कार्यों का निरीक्षण करने के बाद इस संबंध में आशा व्यक्त की। जीएम ने न्यू गरिया के कवि सुभाष स्टेशन से लेकर एयरपोर्ट क्षेत्र के जय हिंद स्टेशन तक सभी मेट्रो कार्यों का निरीक्षण किया।

दौरे के बाद उन्होंने कहा कि मेट्रो के काम में सहयोग का हाथ बढ़ाने के लिए राज्य सरकार को धन्यवाद। मेट्रो का काम काफी तेजी से चल रहा है। दिसंबर 2023 में ही कवि सुभाष से बेलेघाटा मेट्रो की शुरुआत संभव हो सकेगी।

अगले साल यानी जून 2024 तक सेक्टर पांच तक और 2024 के अंत तक सिटी सेंटर-2 तक मेट्रो सेवाएं शुरू करना संभव होगा। उन्होंने कहा कि अगर सबकुछ ठीक रहा तो जून 2026 तक कवि सुभाष से जय हिंद (एयरपोर्ट) स्टेशन तक पूर्ण सेवा शुरू करने का लक्ष्य है।

मेट्रो के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कौशिक मित्रा ने कहा कि मेट्रो और रेल विकास निगम (आरवीएनएल) के अधिकारी मंगलवार को जीएम के साथ थे। उदयकुमार को सभी स्टेशनों के कार्य की प्रगति के बारे में विस्तार से बताया गया।

उन्होंने यात्री सुविधा के मुद्दे पर भी गौर किया। सबकुछ समझने के बाद उन्होंने सभी को तय समय सीमा के अंदर काम पूरा करने का निर्देश भी दिया। जीएम ने बाइपास में मेट्रोपालिटन जंक्शन पर मेट्रो पिलर के निर्माण को भी देखा। बाइपास के इस खंड में गरिया-एयरपोर्ट मेट्रो मार्ग के तीन स्तंभों का निर्माण किया जाएगा और सडक़ के दोनों ओर मेट्रो लाइनों को जोड़ा जाएगा।

Baat Hindustan Ki Online News Portal