–रितेश कुमार राय, अंधराठाढ़ी – पश्चिम बंगाल।
अंधराठाढ़ी स्थित प्रसिद्ध शक्तिपीठ मां परमेश्वरी मंदिर (मैयो स्थान) में हाल ही में हुई चोरी की घटना के बाद श्रद्धालुओं में व्याप्त मायूसी के बीच समाजसेवी राजीव कुमार ने सराहनीय पहल करते हुए माता परमेश्वरी को चांदी का नया मुकुट और चांदी की आंख भेंट की। इसके साथ ही मंदिर में स्थापित प्रतिमा का दिव्य स्वरूप पुनः पूर्ववत हो गया।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले अज्ञात चोरों ने मंदिर के मुख्य द्वार का ताला तोड़कर लाखों रुपये मूल्य के आभूषण एवं नकदी की चोरी कर ली थी। चोरी के दौरान मंदिर परिसर में स्थापित मां काली की प्रतिमा से भी मुकुट और आंख निकाल ली गई थी। इस घटना से श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाएं आहत हुईं और क्षेत्र में व्यापक आक्रोश देखने को मिला। विरोध स्वरूप ग्रामीणों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन भी किया था।
चोरी के बाद माता की प्रतिमा का बदला हुआ स्वरूप श्रद्धालुओं को लगातार व्यथित कर रहा था। इसी बीच तुलापटगंज संग्राम बाजार स्थित गंगा प्रसाद ज्वेलर्स तथा गंगा महादेव ज्वेलर्स, अंधराठाढ़ी के प्रोपराइटर एवं समाजसेवी राजीव कुमार ने श्रद्धालुओं की भावनाओं का सम्मान करते हुए माता परमेश्वरी को चांदी की नई आंख और मुकुट अर्पित किया।
मुकुट और आंख स्थापित होने के बाद माता परमेश्वरी की प्रतिमा फिर से अपने दिव्य और आकर्षक स्वरूप में दिखाई देने लगी। मंदिर पहुंचे श्रद्धालुओं ने माता के पुनः सुसज्जित स्वरूप के दर्शन कर प्रसन्नता व्यक्त की और राजीव कुमार के इस धार्मिक एवं सामाजिक योगदान की सराहना की।
स्थानीय लोगों ने बताया कि राजीव कुमार लंबे समय से मंदिरों के विकास, धार्मिक आयोजनों और जरूरतमंदों की सहायता के कार्यों में सक्रिय रूप से सहयोग करते रहे हैं। श्रद्धालुओं ने माता परमेश्वरी एवं मां काली से प्रार्थना की कि उनकी कृपा राजीव कुमार पर बनी रहे और वे आगे भी समाजसेवा एवं धर्मकार्य में इसी प्रकार योगदान देते रहें।
Baat Hindustan Ki Online News Portal