Breaking News

शाम के समय 10वीं कक्षा की छात्रा पर बीच सड़क चाकू से हमला, आरोपी हिरासत में

हावड़ा – पश्चिम बंगाल।

बुधवार शाम हावड़ा के आंदुल के महियारी खाटिर बाज़ार स्थित चांदनीबागान इलाके में 10वीं कक्षा की एक छात्रा पर बीच सड़क चाकू से हमला किए जाने की सनसनीखेज घटना सामने आई। इस मामले में डोमजूर थाना पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लिया है। गंभीर रूप से घायल छात्रा को हावड़ा जिला अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार, छात्रा (16), जो मुहियारी ग्राम्य हितकारी गर्ल्स स्कूल की कक्षा 10 की छात्रा है, बुधवार शाम साइकिल से घर लौट रही थी। तभी समीर दास (24) नामक युवक ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। आरोपी ने छात्रा के गले, हाथ और पेट पर कई वार किए, जिससे वह सड़क पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ी।

स्थानीय लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर छात्रा को बचाया और आरोपी को रंगे हाथ पकड़ लिया। लोगों ने उसकी जमकर पिटाई भी कर दी। पहले छात्रा को एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे हावड़ा जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल वह आईसीयू में उपचाराधीन है।

घटना की सूचना मिलते ही डोमजूर थाना पुलिस और रैफ (RAF) मौके पर पहुंची। घायल आरोपी समीर दास को डोमजूर ग्रामीण अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

प्रारंभिक जांच में पुलिस को पता चला है कि समीर दास मूल रूप से मुर्शिदाबाद जिले के मयुरेश्वर का निवासी है और डोमजूर की एक फैक्ट्री में काम करता था। वह पिछले कुछ समय से छात्रा को प्रेम प्रस्ताव दे रहा था, लेकिन छात्रा द्वारा लगातार इनकार किए जाने के कारण वह नाराज़ था। पुलिस का प्रारंभिक अनुमान है कि इसी रंजिश के चलते उसने हत्या की कोशिश की।

पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।

इस घटना के बाद आंदुल इलाके में दहशत और तनाव का माहौल है। पुलिस हत्या के प्रयास के पीछे के सभी कारणों की जांच कर रही है। एहतियात के तौर पर इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

About editor

Check Also

आदित्य सिंह एक कॉलेज छात्र है, लेकिन उसके बैंक खाते में लगभग तीस लाख रुपये हैं

हावड़ा – पश्चिम बंगाल। आतंकी संदेह में हामिम मंडल को गिरफ्तार किया गया है। इसके …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *