हावड़ा – पश्चिम बंगाल, बात हिन्दुस्तान की।
हावड़ा बस स्टैंड इलाके से एक व्यक्ति के अपहरण के मामले में पुलिस ने सात बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बीती रात अपहृत व्यक्ति प्यारेलाल को भी सुरक्षित बरामद कर लिया। आरोपियों के पास से सात आग्नेयास्त्र, 50 राउंड कारतूस, नौ मोबाइल फोन और एक टैब बरामद किया गया है।
गत बुधवार हावड़ा बस स्टैंड के पास रेलवे सबवे के सामने से प्यारेलाल का अपहरण किया गया था। बाइक से आए बदमाशों ने उसे जबरन अपने साथ उठा लिया था। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने बीती रात लिलुआ झील रोड इलाके में अभियान चलाया। यहां एक बहुमंजिला इमारत के फ्लैट में प्यारेलाल को बंधक बनाकर रखा गया था।
गोलाबाड़ी और लिलुआ थाने की पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर फ्लैट से सात अपहरणकर्ताओं को गिरफ्तार किया और प्यारेलाल को मुक्त कराया। आरोपियों के पास से सात आग्नेयास्त्र और 50 राउंड कारतूस बरामद किए गए। इसके अलावा नौ मोबाइल फोन और एक टैब भी जब्त किया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों को आज हावड़ा अदालत में पेश किया गया। डीसीपी नॉर्थ अम्लान कुसुम घोष ने बताया कि व्यक्ति का अपहरण किस उद्देश्य से किया गया था, इसकी जांच की जा रही है। आरोपियों को पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ की जाएगी।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, कुख्यात बदमाश राहुल मल्लिक और उसके गिरोह के इस घटना में शामिल होने की आशंका है। राहुल एक हत्या के मामले में 16 साल जेल की सजा काटकर बाहर आया है। पुलिस का प्रारंभिक अनुमान है कि अपहृत व्यक्ति भी आरोपियों का परिचित है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, हावड़ा बस स्टैंड और सब्जी बाजार इलाके में अपहृत व्यक्ति कथित तौर पर असामाजिक गतिविधियों में शामिल था। प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि उससे मोटी रकम वसूलने के उद्देश्य से उसका अपहरण किया गया था।
Baat Hindustan Ki Online News Portal