Breaking News

उत्तरपाड़ा स्टेट जनरल अस्पताल से मरीज लापता!

–पुष्पा शाव, उत्तरपाड़ा – हुगली – पश्चिम बंगाल, बात हिन्दुस्तान की।

●परिवार ने थाने में दर्ज कराई गुमशुदगी की शिकायत, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के उत्तरपाड़ा स्टेट जनरल अस्पताल से 74 वर्षीय मरीज के लापता होने का मामला सामने आया है। घटना के बाद परिवार ने उत्तरपाड़ा थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई है। वहीं, अस्पताल में विधायक के प्रतिनिधि ने सुरक्षा गार्डों की तैनाती की मांग की है।

जानकारी के अनुसार, उत्तरपाड़ा नगरपालिका के वार्ड नंबर 7 के निवासी संतोष दास (74) को दो दिन पहले डायरिया के लक्षणों के कारण उत्तरपाड़ा स्टेट जनरल अस्पताल में भर्ती कराया गया था। शुक्रवार को अस्पताल की ओर से परिवार को फोन कर अस्पताल आने के लिए कहा गया। जब परिजन अस्पताल पहुंचे, तो उन्हें बताया गया कि बुजुर्ग मरीज अस्पताल में नहीं मिल रहे हैं।

•अस्पताल से मरीज कैसे लापता हुआ? परिवार ने उठाए सवाल

परिवार ने सवाल उठाया कि सरकारी अस्पताल से कोई मरीज कैसे लापता हो सकता है, जबकि वहां तीन पुलिसकर्मियों की ड्यूटी होने की बात कही जा रही है।

लापता बुजुर्ग के बेटे वरुण दास ने कहा कि उनके पिता सुबह से लापता हैं, लेकिन अस्पताल प्रशासन को इसकी जानकारी नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब वे कर्मचारियों से पूछताछ करते हैं, तो एक कर्मचारी दूसरे कर्मचारी के पास भेज देता है। परिवार का यह भी आरोप है कि अस्पताल की ओर से उन्हें कोई दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है।

•विधायक के प्रतिनिधि ने की सुरक्षा गार्ड तैनात करने की मांग

उत्तरपाड़ा स्टेट जनरल अस्पताल में नियुक्त विधायक के प्रतिनिधि तापस दे ने अस्पताल में सुरक्षा गार्डों की तैनाती की आवश्यकता पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि अस्पताल में सुरक्षा गार्ड होने चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके। तापस दे के अनुसार, इस मामले में अस्पताल के सुपरिटेंडेंट से बातचीत की गई है और विधायक को भी इसकी जानकारी दी गई है। उन्होंने बताया कि वे भी लापता मरीज की तलाश कर रहे हैं।

•पहले भी सामने आ चुकी हैं ऐसी घटनाएं

बताया जा रहा है कि इससे पहले भी उत्तरपाड़ा अस्पताल से मरीजों के लापता होने की घटनाएं सामने आई हैं। बार-बार ऐसी घटनाएं होने से अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था और मरीजों की निगरानी को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।

फिलहाल, 74 वर्षीय संतोष दास का पता लगाने के प्रयास जारी हैं। परिवार को उम्मीद है कि उन्हें जल्द ही अपने लापता परिजन के बारे में जानकारी मिलेगी।

About editor

Check Also

मोहम्मद अली पार्क यूथ एसोसिएशन ने चोर बागान हादसे के पीड़ितों को दी श्रद्धांजलि

–संघमित्रा सक्सेना, कोलकाता – पश्चिम बंगाल, बात हिन्दुस्तान की। ●बिना ढोल-बाजे के पूरी तरह शांतिपूर्वक …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *