हावड़ा – पश्चिम बंगाल, बात हिन्दुस्तान की।
हावड़ा के बाली इलाके में भाजपा के हावड़ा जिला एग्जीक्यूटिव कमिटी के सदस्य मनोज सिंह के बेटे हर्ष सिंह पर हमले का मामला सामने आया है। देर रात हुई इस घटना में हर्ष सिंह के सिर पर चोट लगी है। मारपीट की पूरी घटना इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। पुलिस के अनुसार, इस मामले में दोनों पक्षों की ओर से शिकायत दर्ज कराई गई है और जांच शुरू कर दी गई है।
घायल हर्ष सिंह ने बताया कि वह बाहर से घर लौट रहे थे, तभी अचानक कुछ लोगों ने उन पर हमला कर दिया। उन्होंने कहा कि हमले की वजह उन्हें स्पष्ट रूप से पता नहीं है। हालांकि, उन्होंने नवीन नामक युवक पर हमले का आरोप लगाते हुए दावा किया कि नवीन पूर्व युवा तृणमूल कांग्रेस के हावड़ा जिला अध्यक्ष कैलाश मिश्रा का करीबी है। हर्ष के मुताबिक, इलाके में अपना वर्चस्व कायम रखने के उद्देश्य से उन पर हमला किया गया।
वहीं, मनोज सिंह ने आरोप लगाया कि शाम करीब पांच बजे से कुछ लोग मोटरसाइकिल पर सवार होकर उनके घर के आसपास लगातार चक्कर लगा रहे थे। उनका बेटा जब बाहर से घर लौटा, उसी दौरान अचानक उस पर हमला कर दिया गया। मनोज सिंह का दावा है कि पुलिस ने चार मोटरसाइकिल जब्त की हैं।
मनोज सिंह ने नवीन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वह पहले भी उनके ऊपर हमला कर चुका है। उन्होंने कहा, “तृणमूल कांग्रेस की सरकार के दौरान भी मुझ पर हमला हुआ था और अब भाजपा की सरकार आने के बाद मेरे और मेरे परिवार पर हमले हो रहे हैं। यह बेहद दुखद है। मैं वर्ष 2013 से भाजपा के लिए काम कर रहा हूं और बाली मंडल-2 का अध्यक्ष भी रह चुका हूं। इसके बावजूद आज हालात ऐसे हैं कि घर से बाहर निकलने में डर लगता है। महज कुछ मीटर की दूरी पर बेलूड़ थाना है, फिर भी इस तरह की घटनाएं हो रही हैं।”
उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही इस घटना की जानकारी भाजपा के वरिष्ठ नेताओं को भी दी गई है।
इस बीच, फोन पर बाली के विधायक संजय सिंह ने कहा कि उन्हें भी बीती रात हुई घटना की जानकारी मिली थी। उनके मुताबिक, दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई है और कुछ लोग घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि इस तरह की घटनाएं किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएंगी।
दूसरी ओर, पुलिस प्रशासन की ओर से बताया गया है कि बीती रात मारपीट की घटना हुई थी। दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर कार्रवाई की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
भाजपा के जिला सचिव ओम प्रकाश सिंह ने कहा कि घटना उनके संज्ञान में आई है और इस संबंध में बेलूड़ थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है। उन्होंने भरोसा जताया कि पुलिस जल्द ही दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करेगी।
सिंह ने आरोप लगाया कि कुछ लोग अब भी तृणमूल कांग्रेस से जुड़े हुए हैं और इलाके में अशांति फैलाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें यह समझना चाहिए कि अब यहां भाजपा की सरकार है और कानून के अनुसार दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होगी। इस तरह की घटना होने के बाद कोई भी भावुकता में कुछ कहा जाता है ऐसी कोई बात नहीं है वह हमारे पूर्व मंडल अध्यक्ष रह चुके हैं पार्टी कहां किस कब बुलाएगी यह एक नियम के अनुसार होता है ऐसी कोई बात नहीं है पार्टी उनके पीछे चट्टान की तरह खड़ी है दोषियों को जल्द गिरफ्तार कार्यवाही की जाएगी।
Baat Hindustan Ki Online News Portal