Breaking News

गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर गुरुद्वारे पहुंचे मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी, कम्युनिटी हॉल और गुरु नानक भवन बनाने का दिया आश्वासन

डानकुनी – पश्चिम बंगाल, बात हिन्दुस्तान की।

●गंगासागर मेले में सेवा शिविर लगाने के लिए सिख समाज से की अपील, डानकुनी में श्रद्धालुओं की सेवा का दिया प्रस्ताव

गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व और देव दीपावली के पावन अवसर पर निश्चिदा थाना इलाके में स्थित गुरुद्वारे में पहुंचे मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी और सिख समाज के लोगों से मुलाकात कर उन्हें शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के विकास और सामाजिक सेवा से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर अपनी बात रखी। उन्होंने इलाके में सरकारी पहल पर कम्युनिटी हॉल और ‘गुरु नानक भवन’ के निर्माण का आश्वासन दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस इलाके में कम्युनिटी हॉल बनाने का प्रस्ताव काफी समय से लंबित है। पहले भी उन्होंने व्यक्तिगत स्तर पर यहां के लोगों की मदद की है, लेकिन अब सरकार की ओर से कम्युनिटी हॉल के साथ गुरु नानक जी के नाम पर भवन बनाने की पहल की जाएगी। उन्होंने सवाल उठाया कि जब बंगाल में हज भवन बनाया जा सकता है, तो गुरु नानक जी के नाम पर भवन क्यों नहीं बनाया जा सकता? उन्होंने गुरुद्वारा कमेटी के सदस्यों को इस संबंध में जल्द से जल्द प्रस्ताव तैयार कर भेजने की सलाह दी।

इस मौके पर उन्होंने गंगासागर मेले में सेवा कार्यों के लिए सिख समाज से विशेष सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी के अनुयायी लंबे समय से निस्वार्थ भाव से लंगर और मानव सेवा करते आ रहे हैं। ऐसे में आगामी गंगासागर मेले के दौरान डानकुनी में बनने वाले शिविर में श्रद्धालुओं की सेवा के लिए सिख समाज के प्रतिनिधियों को आगे आना चाहिए।

राष्ट्रीय राजमार्ग के सामने स्थित सर्विस रोड का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि एक समय इस सड़क को बंद करने का नोटिस जारी किया गया था। बाद में केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी के हस्तक्षेप और सहयोग से सड़क को दोबारा खुलवाने और सुरक्षित रखने में सफलता मिली। इससे स्थानीय लोगों को आवागमन में काफी सुविधा हुई है। पहले लोगों को करीब चार से पांच किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाना पड़ता था और दुर्घटनाओं का खतरा भी बना रहता था।

मुख्यमंत्री ने सिख समाज के साथ अपने पुराने संबंधों को याद करते हुए कहा कि यह रिश्ता किसी राजनीतिक दल या पद की वजह से नहीं, बल्कि आपसी प्रेम और विश्वास के कारण बना है। उन्होंने बताया कि करीब 10-12 साल पहले जब वह राज्य के परिवहन मंत्री थे, तब गुरु गोविंद सिंह जी के 350वें प्रकाश पर्व के अवसर पर पटना साहिब जाने के लिए यहां से 50 बसों की व्यवस्था की थी। उसी समय से सिख समाज के साथ उनका आत्मीय संबंध और मजबूत हुआ।

कार्यक्रम के दौरान कम्युनिटी हॉल और गुरु नानक भवन का निर्माण, गंगासागर मेले में सेवा शिविर तथा सड़क संपर्क व्यवस्था में सुधार जैसे मुद्दे प्रमुखता से उठे। मुख्यमंत्री ने इन पहलों के माध्यम से क्षेत्र के समग्र विकास और सामाजिक सौहार्द को मजबूत करने का संदेश दिया।

About editor

Check Also

नशामुक्त युवा समाज के निर्माण का संदेश, हावड़ा में आयोजित हुआ विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट

हावड़ा – पश्चिम बंगाल, बात हिन्दुस्तान की। नशामुक्त समाज के निर्माण और राष्ट्र निर्माण में …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *