हावड़ा – पश्चिम बंगाल।
पंचायत से विभिन्न सरकारी सुविधाएं और सेवाएं नहीं मिलने के विरोध में मंगलवार दोपहर स्थानीय लोगों ने बांकड़ा नंबर-3 ग्राम पंचायत कार्यालय का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान आक्रोशित लोगों ने पंचायत कार्यालय की खिड़कियों के शीशे भी तोड़ दिए। स्थिति तनावपूर्ण होने पर पुलिस के साथ केंद्रीय बल के जवानों को भी मौके पर तैनात किया गया।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि बरसात के मौसम में क्षेत्र की जल निकासी व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। थोड़ी सी बारिश होते ही सड़कें जलमग्न हो जाती हैं। इसके अलावा पंचायत की ओर से मिलने वाली राहत सामग्री, जैसे तिरपाल, कपड़े आदि भी उन्हें नहीं मिल रहे हैं।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि तृणमूल कांग्रेस संचालित पंचायत की प्रधान टुकटुकी शेख केवल तृणमूल समर्थकों को ही अन्नपूर्णा भंडार सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ दिला रही हैं, जबकि आम लोगों को इन योजनाओं से वंचित रखा जा रहा है। उनका कहना है कि इसके पीछे भ्रष्टाचार है।
इन्हीं आरोपों के विरोध में स्थानीय लोगों ने पंचायत कार्यालय के भीतर प्रधान को घेरकर लंबे समय तक प्रदर्शन किया। स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए पुलिस और केंद्रीय बल के जवानों को हस्तक्षेप करना पड़ा।
Baat Hindustan Ki Online News Portal