आसनसोल – पश्चिम बंगाल।
■शेखपुर स्थित कैलस्टार स्पंज लिमिटेड में रात हुए धमाके से दहशत, कई गांवों तक सुनाई दी आवाज; दमकल, पुलिस और रेस्क्यू टीम मौके पर, जांच शुरू
पश्चिम बर्धमान जिले के जामुड़िया औद्योगिक क्षेत्र के शेखपुर स्थित कैलस्टार स्पंज लिमिटेड में शुक्रवार रात भीषण फर्नेस ब्लास्ट से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। धमाका इतना जोरदार था कि आसपास के कई गांवों तक इसकी आवाज सुनाई दी। स्थानीय लोगों का दावा है कि विस्फोट के झटकों से कुछ घरों में भी कंपन महसूस हुआ। धमाके के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण अपने परिजनों की तलाश में फैक्ट्री पहुंच गए।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, हादसे में चार श्रमिक गंभीर रूप से झुलस गए। उन्हें पहले रानीगंज के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए दुर्गापुर के एक निजी अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहीं, स्थानीय लोगों का दावा है कि 10 से अधिक श्रमिक अभी भी लापता हैं, प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विस्फोट के बाद फैक्ट्री परिसर में चारों ओर पिघला हुआ लोहा फैल गया, जिससे राहत एवं बचाव कार्य में काफी कठिनाई हुई। सूचना मिलते ही रानीगंज से दमकल की टीम और जामुड़िया थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस, दमकल और स्थानीय लोगों की मदद से युद्धस्तर पर रेस्क्यू अभियान चलाया गया। देर रात तक बचाव कार्य जारी था।
घटना के बाद फैक्ट्री परिसर के बाहर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और विभिन्न राजनीतिक दलों के कार्यकर्ता भी जुट गए।
भाजपा नेता द्वीप बनर्जी ने फैक्ट्री प्रबंधन पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए कहा कि कारखाने में श्रमिकों की सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं और इसी वजह से इस तरह की घटनाएं बार-बार हो रही हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि हादसे के बाद फैक्ट्री प्रबंधन का कोई जिम्मेदार अधिकारी मौके पर मौजूद नहीं था।
फिलहाल फर्नेस ब्लास्ट के कारणों का आधिकारिक खुलासा नहीं किया गया है। प्रशासन और संबंधित एजेंसियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
गौरतलब है कि जामुड़िया और आसपास के औद्योगिक क्षेत्र में स्पंज आयरन कारखानों में समय-समय पर फर्नेस ब्लास्ट और औद्योगिक हादसों की घटनाएं सामने आती रही हैं। ऐसे में एक बार फिर औद्योगिक इकाइयों में सुरक्षा मानकों और श्रमिकों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।
Baat Hindustan Ki Online News Portal