हावड़ा – पश्चिम बंगाल।
आईआईईएसटी (इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग साइंस एंड टेक्नोलॉजी), शिवपुर और इडेन रियल्टी ग्रुप की संयुक्त पहल से शुक्रवार दोपहर आईआईईएसटी परिसर में ‘नेचर स्टडी पार्क’ का शुभ उद्घाटन किया गया। इसका उद्घाटन राज्य के नगर एवं शहरी विकास विभाग के राज्य मंत्री उमेश राय ने किया।
आईआईईएसटी शिवपुर और इडेन रियल्टी ग्रुप के संयुक्त प्रयास से परिसर के नीम झील के समीप विकसित इस नेचर स्टडी पार्क के उद्घाटन समारोह में मंत्री उमेश राय के अलावा इडेन रियल्टी ग्रुप के प्रबंध निदेशक सहित आईआईईएसटी के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।
भारत के सबसे पुराने इंजीनियरिंग शिक्षण संस्थानों में से एक आईआईईएसटी शिवपुर के भीतर विकसित यह नेचर स्टडी पार्क परिसर को एक जीवंत पर्यावरणीय केंद्र के रूप में स्थापित करता है। इसे एक ‘लिविंग क्लासरूम’ (जीवंत कक्षा) के रूप में विकसित किया गया है, ताकि छात्र, शिक्षक, शोधकर्ता और आगंतुक प्रकृति के साथ फिर से जुड़ सकें तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़े।
करीब 4.4 एकड़ क्षेत्र में फैले इस पार्क में आकर्षक प्राकृतिक पथ, जैव विविधता क्षेत्र, तितली उद्यान, औषधीय पौधों का बगीचा, विभिन्न पौधों की जानकारी देने वाले सूचना बोर्ड, ध्यान स्थल, ओपन जिम और एक एम्फीथिएटर जैसी सुविधाएं विकसित की गई हैं।
यह पार्क केवल एक हरित क्षेत्र नहीं, बल्कि ऐसा सामाजिक और शैक्षणिक केंद्र है, जहां पारंपरिक शिक्षा कक्षा की चारदीवारी से निकलकर प्रकृति के बीच विस्तारित होती है।
जानकारी के अनुसार, इस परियोजना की योजना और क्रियान्वयन केवल कुछ महीनों में पूरा किया गया। इस दौरान 19,000 वर्ग फुट से अधिक क्षेत्र का विकास किया गया तथा 4,000 से अधिक पौधे लगाए गए, जिससे इस क्षेत्र के पर्यावरणीय संतुलन को पुनर्स्थापित करने में महत्वपूर्ण योगदान मिला।

Baat Hindustan Ki Online News Portal