Breaking News

भाजपा नेता प्रमोद सिंह पर 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगने का आरोप, पुलिस ने शुरू की जांच

हावड़ा – पश्चिम बंगाल।

भाजपा हावड़ा सदर के नेता प्रमोद सिंह पर 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगने और धमकी देने का आरोप लगा है। व्यवसायी संतोष कुमार सिंह ने आरोप लगाया है कि प्रमोद सिंह ने अपने सहयोगियों के जरिए उनके घर पर लोगों को भेजकर पैसे की मांग कराई। आरोप है कि रकम नहीं देने पर उनके परिवार के सदस्यों का अपहरण करने की धमकी भी दी गई। मामले की जांच हावड़ा थाना पुलिस ने शुरू कर दी है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, 20 जुलाई की दोपहर आजाद हिंद एक्सप्रेस से संबंधित एक रेलवे टेंडर जारी होना था। दोपहर करीब 2:40 बजे रेलवे की ओर से ऑनलाइन टेंडर आमंत्रित किया गया। व्यवसायी संतोष कुमार सिंह का आरोप है कि उन्हें टेंडर प्रक्रिया में भाग लेने से रोकने के उद्देश्य से भाजपा हावड़ा सदर के नेता प्रमोद सिंह ने अमित ठाकुर के नेतृत्व में कुछ लोगों को उनके महेंद्रनाथ फर्स्ट बाई लेन स्थित आवास पर भेजा। वहां उनके साथ मारपीट की गई तथा उनकी पत्नी और बेटों के अपहरण की धमकी दी गई। इस घटना से पूरा परिवार भयभीत हो गया।

संतोष कुमार सिंह, जिन्होंने स्वयं को भी भाजपा से जुड़ा बताया, ने कहा कि उन्होंने प्रमोद सिंह, अमित ठाकुर और उनके सहयोगियों के खिलाफ हावड़ा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

दूसरी ओर, भाजपा नेता एवं व्यवसायी प्रमोद सिंह ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। उन्होंने कहा कि फेसबुक पर अमित ठाकुर के साथ उनकी कई तस्वीरें मौजूद हैं और उन्हीं के आधार पर उनका नाम इस मामले में जोड़ा गया है। उनका कहना है कि घटना से उनका कोई संबंध नहीं है और न ही ऐसा कोई सीसीटीवी फुटेज या अन्य साक्ष्य है जिससे यह साबित हो कि वह घटनास्थल पर मौजूद थे।

प्रमोद सिंह ने कहा कि वह भाजपा हावड़ा जिला के सचिव हैं और उनकी छवि खराब करने के लिए यह साजिश रची गई है। उनके अनुसार, कुछ दिन पहले हावड़ा स्टेशन पर ट्रेड यूनियन गतिविधियों को लेकर हुई उन्होंने सार्वजनिक रूप से कहा था कि स्टेशन परिसर में किसी भी प्रकार की यूनियनबाजी नहीं होने दी जाएगी। संभवतः उसी रंजिश के कारण उनके खिलाफ झूठा मामला दर्ज कराया गया है। उन्होंने बताया कि उन्होंने भी संबंधित व्यक्ति के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई है तथा मानहानि का मुकदमा दायर करने की तैयारी कर रहे हैं।

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह मामला रेलवे टेंडर को लेकर दो व्यवसायियों के बीच विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में ले लिए हैं और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

About editor

Check Also

हावड़ा स्टेशन के पास ओवरहेड तार में खराबी, लोकल ट्रेन सेवा बाधित; यात्रियों को भारी परेशानी

हावड़ा – पश्चिम बंगाल। हावड़ा स्टेशन में प्रवेश से ठीक पहले ओवरहेड तार (ओएचई) में …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *