हावड़ा – पश्चिम बंगाल।
हावड़ा स्टेशन में प्रवेश से ठीक पहले ओवरहेड तार (ओएचई) में खराबी आने के कारण दोपहर लोकल ट्रेन सेवाएं प्रभावित हो गईं। इस वजह से बड़ी संख्या में यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
रेलवे सूत्रों के अनुसार, दोपहर करीब 2 बजे अप बर्धमान स्पेशल ट्रेन हावड़ा स्टेशन से रवाना होने के बाद लगभग 100 मीटर आगे रूट रिले इंटरलॉकिंग (आरआरआई) केबिन के सामने अचानक रुक गई। ट्रेन के ट्रैक पर खड़े हो जाने से हावड़ा स्टेशन के प्रवेश मार्ग की कई लाइनें अवरुद्ध हो गईं।
इसके चलते अप और डाउन दोनों दिशाओं की रेल सेवाएं प्रभावित हुईं और कई लोकल ट्रेनें बीच रास्ते में रुक गईं। परेशान यात्री जान जोखिम में डालकर रेलवे ट्रैक के सहारे पैदल ही हावड़ा स्टेशन की ओर जाते दिखाई दिए।
रेलवे सूत्रों के मुताबिक, प्लेटफॉर्म संख्या 1 से 4 तक ट्रेनों का परिचालन सबसे अधिक प्रभावित हुआ।
पूर्व रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शिवराम माझी ने बताया कि रेलवे इंजीनियरों ने युद्धस्तर पर मरम्मत कार्य किया, जिसके बाद दोपहर करीब 3:30 बजे स्थिति सामान्य हो गई और इसके बाद ट्रेन सेवाएं फिर से सुचारु रूप से शुरू हो गईं।
Baat Hindustan Ki Online News Portal