Breaking News

हावड़ा भाजपा जिला कार्यालय के सामने महिला मोर्चा की दो गुटों में भिड़ंत, जमकर हंगामा मारपीट

हावड़ा – पश्चिम बंगाल।

पश्चिम बंगाल में सत्ता परिवर्तन के कुछ ही महीनों बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अंदरूनी मतभेद अब खुलकर सामने आने लगे हैं। गुरुवार को हावड़ा सदर स्थित भाजपा के जिला पार्टी कार्यालय के सामने महिला मोर्चा के दो गुटों के बीच तीखी नोकझोंक, धक्का-मुक्की और हंगामे की घटना सामने आई, जिससे इलाके में तनाव फैल गया।

जानकारी के अनुसार, सबसे पहले शिबपुर-2 मंडल की भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने जिला कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया और सड़क जाम कर दी। प्रदर्शनकारी महिलाओं का आरोप था कि शिबपुर-2 मंडल अध्यक्ष राजा माल कथित तौर पर उगाही (तोलाबाजी) में शामिल हैं। उनका यह भी आरोप है कि मंडल अध्यक्ष लंबे समय से पार्टी से जुड़ी महिला कार्यकर्ताओं की उपेक्षा कर हाल ही में भाजपा में शामिल हुई महिलाओं को अधिक महत्व दे रहे हैं।

प्रदर्शनकारी महिलाओं का कहना है कि उन्होंने इस मामले की शिकायत जिला अध्यक्ष से भी की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसी कारण उन्होंने राजा माल के इस्तीफे की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन शुरू किया।

इसी दौरान दूसरा गुट मौके पर पहुंच गया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते मामला धक्का-मुक्की और हंगामे तक पहुंच गया। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को शांत कराकर हालात पर काबू पाया।

घटना के बाद भाजपा के अंदर गुटबाजी को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं। हालांकि, इस मामले में पार्टी की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

About editor

Check Also

पूर्व रेलवे का खाद्य गुणवत्ता और स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए कई स्टेशनों पर व्यापक औचक निरीक्षण

कोलकाता – पश्चिम बंगाल, बात हिन्दुस्तान की। पूर्व रेलवे की महाप्रबंधक गीतिका पांडेय के दूरदर्शी …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *