–पुष्पा साउ, हुगली – पश्चिम बंगाल।
सावन माह के पहले सोमवार के पावन अवसर पर पश्चिम बंगाल के हुगली जिले स्थित प्रसिद्ध तारकेश्वर मंदिर में आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। तड़के सुबह से ही मंदिर परिसर “बम-बम भोले” और “जय बाबा तारकनाथ” के जयघोष से गूंज उठा। लाखों श्रद्धालु भगवान शिव के दर्शन और जलाभिषेक के लिए मंदिर पहुंचे।
देश-विदेश तथा पश्चिम बंगाल सहित विभिन्न राज्यों से आए श्रद्धालुओं ने बाबा तारकनाथ का जलाभिषेक कर परिवार की सुख-समृद्धि, स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की। श्रद्धालुओं में गहरा उत्साह और भक्ति का भाव देखने को मिला। मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए स्थानीय प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात के व्यापक इंतजाम किए थे। पुलिस बल, आपदा प्रबंधन दल और स्वयंसेवकों की तैनाती के साथ दर्शन व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष प्रबंध किए गए। प्रशासन की सतर्कता के कारण श्रद्धालुओं ने शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से बाबा तारकनाथ के दर्शन कर पुण्य लाभ प्राप्त किया।
सावन के पहले सोमवार पर तारकेश्वर धाम में उमड़ी यह अपार श्रद्धा एक बार फिर भगवान शिव के प्रति भक्तों की अटूट आस्था का प्रतीक बनकर सामने आई।
Baat Hindustan Ki Online News Portal