Breaking News

जीटी रोड पर भीषण धंसाव, यातायात ठप; युद्धस्तर पर मरम्मत कार्य जारी

हावड़ा – पश्चिम बंगाल।

सलकिया उड़ीया पाड़ा के समीप व्यस्त जीटी रोड पर बुधवार तड़के अचानक सड़क धंसने से हड़कंप मच गया। सुबह करीब 4 बजे सड़क पर अचानक बड़ी दरार दिखाई दी और देखते ही देखते सड़क का एक हिस्सा धंस गया। घटना के बाद जीटी रोड पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रभावित हो गई, जिससे आम लोगों और नित्य यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही गोलाबाड़ी ट्रैफिक पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना की आशंका को देखते हुए धंसे हुए हिस्से को तत्काल बैरिकेड से घेर दिया। इसके साथ ही हावड़ा नगर निगम और लोक निर्माण विभाग (PWD) को भी सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही PWD के इंजीनियर मौके पर पहुंचे और स्थिति का निरीक्षण करने के बाद सड़क की मरम्मत का काम युद्धस्तर पर शुरू कर दिया। PWD के सब-इंजीनियर प्रज्ज्वल गुप्ता ने बताया कि प्रारंभिक तौर पर भूमिगत HMC लाइन टूटने के कारण मिट्टी धंसने की आशंका है। सड़क को जल्द से जल्द यातायात के योग्य बनाने के लिए बालू और मिट्टी भरकर मरम्मत का काम किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि धंसाव का क्षेत्र काफी बड़ा है, इसलिए सड़क को पूरी तरह सामान्य होने में कुछ समय लग सकता है।

इधर, सड़क धंसने के कारण इलाके में भारी जाम की स्थिति पैदा हो गई है। गोलाबाड़ी ट्रैफिक पुलिस यातायात को नियंत्रित करने और यात्रियों को परेशानी से राहत दिलाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

About editor

Check Also

गोलाबाड़ी थाना ने 24 मोबाइल फोन उनके असली मालिकों को लौटाए

हावड़ा – पश्चिम बंगाल। हावड़ा के गोलाबाड़ी थाना पुलिस ने बरामद किए गए 24 मोबाइल …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *