हावड़ा – पश्चिम बंगाल, बात हिन्दुस्तान की।
हावड़ा के चटर्जीहाट थाना क्षेत्र के अंतर्गत नया रास्ता इलाके में एक दो मंजिला मकान में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। शनिवार तड़के अचानक मकान में आग लग गई। मकान के निचले तल पर रबर का गोदाम होने के कारण आग तेजी से फैल गई। इस घटना में एक व्यक्ति के घायल होने की खबर है। उसे हावड़ा जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, दो मंजिला मकान के निचले तल पर रबर का गोदाम था, जबकि ऊपरी मंजिल पर मकान के लोग रहते थे। तड़के अचानक आग लगने के बाद कुछ ही देर में आग ने भयावह रूप ले लिया। घटना की सूचना मिलने के बाद दमकल की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। इसके बाद दमकलकर्मियों ने आग बुझाने का काम शुरू किया। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
इस अग्निकांड के बाद इलाके में दहशत फैल गई। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि दमकल की गाड़ियों के घटनास्थल पर देर से पहुंचने के कारण आग ने जल्द ही भयावह रूप धारण कर लिया। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है।
इस अग्निकांड में मकान को कितना नुकसान हुआ है, यह अभी स्पष्ट नहीं है। घटना की जांच के बाद ही आग लगने के सही कारणों का पता चल सकेगा।
Baat Hindustan Ki Online News Portal