उदयनारायणपुर – पश्चिम बंगाल, बात हिन्दुस्तान की।
डीवीसी से भारी मात्रा में पानी छोड़े जाने के कारण हावड़ा जिले के उदयनारायणपुर में नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ने लगा है। तेजी से बढ़ते जलस्तर के कारण विभिन्न इलाकों में बाढ़ की आशंका पैदा हो गई है। जलस्तर के खतरे के निशान से ऊपर बहने के कारण प्रशासन की चिंता भी बढ़ गई है।
गुरुवार को हावड़ा जिले की जिलाधिकारी डॉ. पि दीप्पप्रिया स्वयं उदयनारायणपुर ब्लॉक पहुंचीं और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने प्रशासन के विभिन्न अधिकारियों के साथ बैठक कर मौजूदा स्थिति पर चर्चा की तथा नदी तटीय इलाकों का निरीक्षण किया।
जिलाधिकारी ने उदयनारायणपुर के विभिन्न नदी तटीय क्षेत्रों में जाकर जलस्तर और मौजूदा हालात का जायजा लिया। इसके बाद उन्होंने मनसुखा और कुमारचक गांव का भी दौरा किया। कुमारचक गांव पहुंचकर उन्होंने नदी किनारे रहने वाले लोगों से सुरक्षित स्थानों और राहत शिविरों में चले जाने की अपील की।
इस दौरान जिलाधिकारी के साथ उलूबेड़िया के महकमा शासक, उदयनारायणपुर के बीडीओ, स्थानीय थाने के ओसी, सिंचाई विभाग के कई अधिकारी, आपदा प्रबंधन विभाग के कर्मी तथा प्रशासन के अन्य अधिकारी मौजूद थे।
जिलाधिकारी ने प्रशासन को निर्देश दिया कि नदी तटीय क्षेत्रों में कहीं भी कटाव की स्थिति उत्पन्न होने पर तत्काल आवश्यक कदम उठाए जाएं। साथ ही नदी किनारे रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने, आवश्यक बचाव दल गठित करने और हर तरह की आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं।
जिलाधिकारी ने कहा कि यदि नदी का जलस्तर और बढ़ता है, तो आम लोगों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए प्रशासन को हर समय सतर्क और पूरी तरह तैयार रहना होगा।
Baat Hindustan Ki Online News Portal