हावड़ा – पश्चिम बंगाल, बात हिन्दुस्तान की।
डोमजूड़ थाना अंतर्गत बांकरा पश्चिमपाड़ा में एक किराना दुकान से रंगदारी मांगने को लेकर गुरुवार रात जमकर हंगामा हुआ। आरोप है कि कुछ बदमाश ग्राहक बनकर एक किराना दुकान में पहुंचे और माचिस खरीदने के बहाने दुकानदार से रुपये मांगने लगे। दुकानदार द्वारा रंगदारी देने से इनकार करने पर बदमाशों ने पिता और बेटे की बेरहमी से पिटाई कर दी।
घटना में घायल पिता-पुत्र को डोमजूड़ ग्रामीण अस्पताल में इलाज के लिए ले जाया गया। उपचार के बाद जब दोनों शिकायत दर्ज कराने के लिए डोमजूड़ थाने जा रहे थे, तभी आरोप है कि बदमाशों ने रास्ते में उन्हें रोककर एक बार फिर मारपीट की। इस घटना में एक महिला समेत कम से कम तीन लोग घायल हुए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही भारी संख्या में पुलिस बल और रैपिड एक्शन फोर्स (रैफ) के जवान मौके पर पहुंचे। इस दौरान पुलिस ने लाठी लेकर स्थानीय लोगों की ओर रुख किया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटनास्थल पर तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है।
घायलों का आरोप है कि इलाके के कुछ बदमाश अक्सर उनकी दुकानों पर हमला करते हैं और उनसे रंगदारी की मांग करते हैं। फिलहाल पूरे मामले की जांच डोमजूड़ थाने की पुलिस कर रही है।
Baat Hindustan Ki Online News Portal