हावड़ा – पश्चिम बंगाल, बात हिन्दुस्तान की।
राज्यव्यापी नशा विरोधी अभियान के तहत मादक पदार्थों की तस्करी के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए हावड़ा ग्रामीण जिला पुलिस ने तीन अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई कर बड़ी सफलता हासिल की है। इन अभियानों में भारी मात्रा में प्रतिबंधित मादक पदार्थ जब्त करने के साथ तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, पहली कार्रवाई हावड़ा के श्यामपुर थाना क्षेत्र में नाका चेकिंग के दौरान की गई। इस दौरान एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर उसके पास से करीब 3 किलोग्राम प्रतिबंधित मादक पदार्थ बरामद किया गया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद मादक पदार्थ को जब्त कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया।
वहीं, दूसरी कार्रवाई पांचला थाना क्षेत्र में की गई। गुप्त सूचना के आधार पर पांचला थाने की पुलिस टीम ने एक आरोपित के घर पर छापेमारी की। इस दौरान करीब 190 ग्राम प्रतिबंधित मादक पदार्थ बरामद कर जब्त किया गया।
इसके अलावा, जगतबल्लभपुर थाना क्षेत्र में भी पुलिस को सफलता मिली। विश्वसनीय सूत्रों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस अधिकारियों की टीम ने छापेमारी कर एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। उसके पास से करीब 163 ग्राम प्रतिबंधित मादक पदार्थ बरामद किया गया।
हावड़ा ग्रामीण जिला पुलिस के अनुसार, इन तीनों कार्रवाइयों में कुल करीब 3.35 किलोग्राम प्रतिबंधित मादक पदार्थ जब्त किए गए हैं और तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। मामले की जांच जारी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस अवैध कारोबार से और कौन-कौन लोग जुड़े हैं तथा इनके पास मादक पदार्थों की आपूर्ति कहां से होती थी। साथ ही तस्करी के अन्य नेटवर्क का पता लगाने के लिए भी जांच की जा रही है।
Baat Hindustan Ki Online News Portal