–पुष्पा शाव, उत्तरपाड़ा – हुगली – पश्चिम बंगाल, बात हिन्दुस्तान की।
हुगली के उत्तरपाड़ा नगरपालिका में नागरिक सेवाओं को लेकर असंतोष और नाराजगी सामने आई है। नगरपालिका की विभिन्न सेवाओं को लेकर शिकायत जताने के लिए भाजपा कार्यकर्ता नगरपालिका कार्यालय पहुंचे और विरोध प्रदर्शन किया।
बताया जा रहा है कि राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद कई नगरपालिकाओं के निर्वाचित बोर्ड को भंग कर वहां प्रशासक नियुक्त किया गया है। उत्तरपाड़ा नगरपालिका में भी फिलहाल प्रशासक के माध्यम से कामकाज संचालित किया जा रहा है।
भाजपा कार्यकर्ताओं का आरोप है कि नगरपालिका क्षेत्र में नागरिकों को विभिन्न तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। नाली-निकासी व्यवस्था, सड़क की स्थिति से लेकर विभिन्न प्रमाणपत्र प्राप्त करने तक के लिए लोगों को कथित तौर पर परेशानी और टालमटोल का सामना करना पड़ रहा है।
इन्हीं समस्याओं को लेकर आज भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ता नगरपालिका कार्यालय पहुंचे और अपनी नाराजगी जताई। उनका आरोप है कि आम नागरिक लगातार नगरपालिका में अपनी समस्याओं को लेकर पहुंच रहे हैं, लेकिन उनकी शिकायतों का उचित समाधान नहीं हो रहा है।
भाजपा नेता पंकज राय ने कहा कि राज्य सरकार की ओर से किए जा रहे जनहित के कार्यों का लाभ नगरपालिका के माध्यम से नागरिकों तक पहुंचना चाहिए, लेकिन लोगों को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि नगरपालिका का निर्वाचित बोर्ड भंग होने के बावजूद कामकाज में अपेक्षित बदलाव नहीं आया है। इसी मुद्दे को लेकर वे नगरपालिका कार्यालय पहुंचे और प्रशासक से बातचीत करने की मांग की।
अब सवाल यह है कि नागरिक सेवाओं को लेकर उठ रही इन शिकायतों पर नगरपालिका प्रशासन क्या कदम उठाता है और आम लोगों को राहत कब मिलती है।
■नोट: वक्ता द्वारा दिए गए बयान उनके निजी विचार हैं। इनके लिए संबंधित संस्था/मीडिया संस्थान जिम्मेदार नहीं है।
Baat Hindustan Ki Online News Portal