हावड़ा – पश्चिम बंगाल, बात हिन्दुस्तान की।
निर्धारित समय के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे हाट लगाए जाने को लेकर शुक्रवार को हावड़ा के अंकुरहाटी में तनाव फैल गया। हाट बंद कराने पहुंची पुलिस और व्यवसायियों के एक वर्ग के बीच पहले कहासुनी और फिर धक्का-मुक्की होने का आरोप है। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए आखिरकार पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। घटना का वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। मामले में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।
16 नंबर राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे अंकुरहाटी में लंबे समय से छोटे-बड़े कई कपड़ों के हाट लगते हैं। खासकर शुक्रवार को हाट के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर भारी जाम की स्थिति पैदा हो जाती है। प्रशासन के मुताबिक, इस इलाके में पहले भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं।
जाम और दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए प्रशासन की ओर से फुटपाथ और सड़क किनारे हाट लगाने वाले व्यवसायियों के लिए स्थान और समय निर्धारित किया गया था। शाम के बाद हाट नहीं लगाने और राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात व्यवस्था प्रभावित नहीं हो, इसी उद्देश्य से यह व्यवस्था लागू की गई थी।
हालांकि आरोप है कि शुक्रवार को निर्धारित समय सीमा समाप्त होने के बाद भी व्यवसायियों का एक वर्ग हाट बंद नहीं किया था। पुलिस जब हाट बंद कराने पहुंची तो पहले कहासुनी शुरू हुई। इसके बाद मामला बढ़ गया और पुलिस तथा व्यवसायियों के एक वर्ग के बीच धक्का-मुक्की होने लगी।
व्यवसायियों का कहना था कि दुर्गापूजा से पहले कारोबार का यह महत्वपूर्ण समय है। ऐसे में इस दौरान हाट बंद कराने से उनके कारोबार को काफी नुकसान होगा। वहीं, पुलिस का कहना है कि निर्धारित समय के बाद भी सड़क किनारे कारोबार जारी रहने से राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात प्रभावित हो रहा था।
इसी दौरान पुलिस अधिकारी व्यवसायियों से बातचीत कर रहे थे, तभी कुछ व्यवसायियों ने कथित तौर पर बहस शुरू कर दी। आरोप है कि एक व्यक्ति पुलिस अधिकारी का हाथ छटकते हुए धक्का देने की कोशिश की। इसके बाद स्थिति नियंत्रण से बाहर होने लगी पुलिस ने लाठीचार्ज कर व्यवसायियों को वहां से हटाया। घटना के बाद इलाके में काफी तनाव फैल गया।
हावड़ा सिटी पुलिस सूत्रों के अनुसार, प्रशासन की ओर से पहले ही हाट लगाने और कारोबार करने के लिए निर्धारित समय सीमा की जानकारी दी गई थी। इसके बावजूद निर्धारित समय के बाद भी सड़क किनारे कारोबार जारी रखा गया। पुलिस द्वारा उन्हें हटने के लिए कहे जाने पर कहासुनी और धक्का-मुक्की शुरू हो गई।
पुलिस की ओर से बताया गया कि व्यवसायियों को प्रशासन द्वारा निर्धारित समय के अनुसार ही हाट लगाने और कारोबार करने के लिए समझाने के उद्देश्य से पुलिस मौके पर गई थी। इसी दौरान विवाद बढ़ गया और यह घटना हुई।
घटना के बाद पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। उनके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि घटना में और कौन-कौन लोग शामिल थे। घटना के बाद अंकुरहाटी इलाके में पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है।
Baat Hindustan Ki Online News Portal