हावड़ा – पश्चिम बंगाल, बात हिन्दुस्तान की।
देशभर में स्वच्छता महा अभियान के तहत साफ-सफाई और जनजागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। इसके बावजूद हावड़ा के हनुमानतला इलाके में बनीपुर ग्राम पंचायत-1 के अंतर्गत कई स्थानों पर गंदगी का अंबार लगा होने का आरोप है। स्थानीय लोगों के अनुसार, लंबे समय से जमा कचरे के कारण उन्हें नारकीय स्थिति में रहने को मजबूर होना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में जल निकासी की व्यवस्था भी बाधित है। नालियों में कचरा जमा होने के कारण पानी की निकासी नहीं हो पा रही है और कई जगहों पर जलजमाव की स्थिति बनी हुई है। इससे मच्छरों का प्रकोप बढ़ने के साथ ही डेंगू, मलेरिया समेत विभिन्न संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका जताई जा रही है।
लोगों ने संबंधित पंचायत और प्रशासन से इलाके में तत्काल साफ-सफाई कराने, नालियों की सफाई तथा जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि स्वच्छता अभियान का वास्तविक लाभ तभी मिलेगा, जब जमीनी स्तर पर नियमित सफाई और कचरा प्रबंधन सुनिश्चित किया जाए।
Baat Hindustan Ki Online News Portal