Breaking News

बोलपुर में भाजपा बूथ अध्यक्ष की गोली मारकर हत्या, राजनीतिक रंजिश का आरोप

बोलपुर – बीरभूम – पश्चिम बंगाल, बात हिन्दुस्तान की।

पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के बोलपुर में रविवार देर शाम सरेआम गोलीबारी की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। आरोप है कि अज्ञात हमलावरों ने भाजपा के बूथ अध्यक्ष चंदन भल्ला की बेहद करीब से सिर में गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है।

जानकारी के मुताबिक, चंदन भल्ला बोलपुर के 11 नंबर वार्ड स्थित भाजपा के 201 नंबर बूथ के अध्यक्ष थे। परिवार का दावा है कि रविवार शाम फोन करके उन्हें घर से बुलाया गया था। इसके बाद 12 नंबर वार्ड के त्रिशूलापट्टी इलाके में कुछ लोगों ने उनका रास्ता रोक लिया और कथित तौर पर बेहद करीब से उनके सिर में गोली मार दी।

गोली लगने के बाद चंदन भल्ला खून से लथपथ होकर सड़क पर गिर पड़े। गोली चलने की आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और उन्हें तत्काल बोलपुर महकमा अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

स्थानीय लोगों के अनुसार, घटना के बाद चेहरे पर कपड़ा बांधे दो अज्ञात युवक एक अपाचे बाइक पर सवार होकर मौके से फरार हो गए। मृतक के बेटे शुभ्रकांति भल्ला ने दावा किया कि उनके पिता की किसी से व्यक्तिगत दुश्मनी नहीं थी और राजनीतिक कारणों से उनकी हत्या की गई है।

हालांकि, हत्या के पीछे वास्तविक वजह क्या है, यह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस राजनीतिक रंजिश समेत अन्य संभावित कारणों की जांच कर रही है। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

बीरभूम के पुलिस अधीक्षक विदित राज के अनुसार, रविवार देर शाम चंदन भल्ला को सिर में गोली मारी गई थी और अस्पताल ले जाने के दौरान उनकी मौत हो गई। मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

About editor

Check Also

बर्दवान में भाजपा के दो नेताओं के बीच थाने के सामने तीखी बहस, पुलिस ने दी सख्त चेतावनी 

बर्दवान – पश्चिम बंगाल, बात हिन्दुस्तान की। पूर्व बर्दवान जिले के बर्दवान शहर के 4 …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *