–पुष्पा शाव, हुगली – पश्चिम बंगाल, बात हिन्दुस्तान की।
हुगली जिला परिषद के सब-असिस्टेंट इंजीनियर को कथित तौर पर 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए भ्रष्टाचार निरोधक शाखा (ACB) ने रंगे हाथ पकड़ लिया। पश्चिम बंगाल पुलिस की एसीबी टीम ने शिकायत के आधार पर यह कार्रवाई की।
जानकारी के अनुसार, पोलबा के ठेकेदार मुक्तराम घोष के करीब 2 लाख 6 हजार रुपये का भुगतान बकाया था। आरोप है कि बकाया राशि दिलाने के एवज में इंजीनियर ने ठेकेदार से रिश्वत की मांग की थी।
इसके बाद ठेकेदार ने एसीबी में शिकायत दर्ज कराई। एसीबी के निर्देश पर ठेकेदार रासायनिक पदार्थ लगे नोट लेकर रिश्वत देने पहुंचा। जैसे ही इंजीनियर ने 20 हजार रुपये अपने हाथ में लिए, एसीबी अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर उन्हें रंगे हाथ पकड़ लिया।
बताया गया कि रासायनिक पदार्थ लगे नोट छूने के बाद पानी से हाथ धोने पर इंजीनियर के हाथ बैंगनी रंग के हो गए। घटना की सूचना मिलने पर चुंचुड़ा थाने के आईसी उत्तम शर्मा सहित पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। मामले की जांच एसीबी कर रही है।
Baat Hindustan Ki Online News Portal