हावड़ा – पश्चिम बंगाल, बात हिन्दुस्तान की।
दुर्गापूजा के दौरान यात्रियों की भारी भीड़ को संभालने के लिए पूर्व रेलवे के हावड़ा डिवीजन ने व्यापक तैयारियां की हैं। षष्ठी से विजयादशमी यानी 17 से 21 अक्टूबर तक यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए कई विशेष ट्रेनें, अतिरिक्त टिकट काउंटर, रात की विशेष लोकल ट्रेनें, सुरक्षा व्यवस्था और चिकित्सा सुविधाएं बढ़ाई गई हैं। रेलवे के अनुमान के मुताबिक, पूजा के दौरान हावड़ा स्टेशन पर प्रतिदिन 7 से 8 लाख यात्रियों का दबाव हो सकता है।
पूजा के दिनों में हावड़ा से विभिन्न गंतव्यों के लिए सात जोड़ी विशेष लंबी दूरी की ट्रेनें चलाई जाएंगी। इसके अलावा सात जोड़ी विशेष ईएमयू भी चलेंगी। हावड़ा डिवीजन से होकर कुल 25 जोड़ी पूजा स्पेशल ट्रेनें भी संचालित की जा रही हैं।
रात में पंडाल और प्रतिमा दर्शन के लिए निकलने वाले लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए 17 से 21 अक्टूबर तक सात रात की विशेष ईएमयू चलाई जाएगी। बर्दवान-हावड़ा, हावड़ा-चांदननगर, बंडेल-हावड़ा और तारकेश्वर-शेउड़ाफुली सहित कई रूटों पर इन विशेष सेवाओं का लाभ यात्रियों को मिलेगा। इसके अलावा हावड़ा और सियालदह रेल व्यवस्था के बीच रात के समय संपर्क बढ़ाने के लिए डानकुनी और नैहाटी होकर विशेष सेवा की भी व्यवस्था की गई है।
भीड़ को नियंत्रित करने के लिए टिकट व्यवस्था पर भी विशेष जोर दिया गया है। हावड़ा स्टेशन पर 30 यूटीएस काउंटर और 28 एटीवीएम उपलब्ध रहेंगे, ताकि यात्रियों को टिकट लेने में अधिक परेशानी न हो।
सुरक्षा व्यवस्था को भी मजबूत किया गया है। रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक चलने वाली 75 रात की ट्रेनों में एस्कॉर्ट की व्यवस्था की गई है। प्रत्येक एस्कॉर्ट टीम में महिला आरपीएफ कर्मी सहित दो जवान तैनात रहेंगे। पूजा के दौरान यात्रियों की सुरक्षा और निगरानी के लिए डिवीजन में 2,902 सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी। इसके अलावा 128 सौर ऊर्जा चालित सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं। 24 घंटे डिविजनल वॉर रूम से पूरे हालात पर नजर रखी जाएगी। हावड़ा, रामपुरहाट, बंडेल और बर्दवान में क्विक रिएक्शन टीम भी तैयार रहेगी।
हावड़ा में पूजा ड्यूटी के दौरान 64 आरपीएफ अधिकारी और 254 जवान तैनात रहेंगे। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए हावड़ा, बंडेल, बर्दवान, कटवा, बोलपुर और आजिमगंज में एंबुलेंस की व्यवस्था की जा रही है। वहीं हावड़ा और बर्दवान में 24 घंटे तीन शिफ्टों में डॉक्टर और स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहेंगे।
हावड़ा डिवीजन के डीआरएम विशाल कपूर ने कहा, “पूजा का आनंद लेने के बाद प्रत्येक यात्री सुरक्षित रूप से अपने घर लौट सके, इसी लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए पूरी व्यवस्था की गई है।”
Baat Hindustan Ki Online News Portal