हावड़ा – पश्चिम बंगाल, बात हिन्दुस्तान की।
‘गणतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ के नारे के साथ 3 नवंबर को पश्चिम बंगाल के पांच प्रमुख स्थानों पर एक साथ महा रैली निकाली जाएगी। गैर-राजनीतिक संगठन की ओर से आयोजित इस रैली के लिए कोलकाता, हावड़ा, सिलीगुड़ी, कृष्णानगर और दुर्गापुर का चयन किया गया है। आयोजकों के अनुसार, इस रैली का उद्देश्य देश में बढ़ती अराजकता के खिलाफ आवाज उठाना और गणतंत्र एवं लोकतांत्रिक व्यवस्था की रक्षा का संदेश देना है।
हावड़ा में रैली की तैयारियों को लेकर जानकारी देते हुए आयोजकों ने बताया कि हावड़ा में काजीपाड़ा से हावड़ा मैदान तक रैली निकाली जाएगी। यह जुलूस जीटी रोड से होकर गुजरेगा। इसमें बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।
आयोजकों के मुताबिक, हावड़ा में आयोजित रैली में हावड़ा, उलूबेड़िया, हुगली, आरामबाग और श्रीरामपुर सहित आसपास के लोकसभा क्षेत्रों से लोगों के शामिल होने की संभावना है। रैली का नेतृत्व प्रदेश स्तर के किसी वरिष्ठ नेता या दिल्ली से आने वाले किसी विशेष नेता अथवा मंत्री द्वारा किए जाने की संभावना जताई गई है।
आयोजकों का कहना है कि इस महा रैली के माध्यम से देश में अराजकता के खिलाफ विरोध दर्ज कराने के साथ-साथ गणतंत्र और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की जाएगी। उनका उद्देश्य लोगों को इस मुद्दे पर एकजुट करना और लोकतांत्रिक व्यवस्था की सुरक्षा के लिए आवाज बुलंद करना है।
Baat Hindustan Ki Online News Portal