हावड़ा – पश्चिम बंगाल, बात हिन्दुस्तान की।
●जिला उपाध्यक्ष सुभाष चन्द्र झा समेत तीन के खिलाफ शिकायत
दुर्गा पूजा विसर्जन के दौरान हावड़ा के शिवपुर गंगा घाट के पास हुए विवाद को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच विवाद सामने आया है। भाजपा के पुराने कार्यकर्ता पवन पांडे ने हावड़ा जिला सदर भाजपा के उपाध्यक्ष सुभाष चन्द्र झा, सूरज वर्मा और गिरी के खिलाफ शिवपुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुर्गा पूजा विसर्जन के दौरान शिवपुर गंगा घाट के पास पवन पांडे और सुभाष चन्द्र झा के बीच किसी बात को लेकर बहस हो गई। आरोप है कि इस दौरान सुभाष चन्द्र झा ने पवन पांडे के साथ मारपीट की। वहीं, पवन पांडे पर भी सुभाष झा के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट करने का आरोप लगा है। पवन पांडे का आरोप है कि घटना के समय सुभाष झा के साथ मौजूद सूरज वर्मा और उनके साथी गिरी ने भी उनके साथ मारपीट की। इसी मामले में तीनों के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है।
•सुभाष चन्द्र झा ने बताया साजिश
इस मामले में हावड़ा जिला सदर भाजपा के उपाध्यक्ष सुभाष झा से फोन पर संपर्क करने पर उन्होंने कहा कि वह इस विषय में ज्यादा कुछ नहीं कहना चाहते। हालांकि, उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ तृणमूल कांग्रेस के लोग पर्दे के पीछे से इस मामले को समर्थन दे रहे हैं। उनके अनुसार, कुछ लोग उनकी छवि खराब करने और साजिश के तहत उन्हें बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं।
•पवन पांडे ने राजनीतिक कारण से किया इनकार
वहीं, शिकायतकर्ता पवन पांडे ने कहा कि सुभाष चन्द्र झा के साथ उनका तालमेल नहीं बैठता, इसलिए वह उनसे अलग रहते हैं। उन्होंने कहा कि अचानक सुभाष झा उनके ऊपर क्यों आक्रामक हुए, इसकी उन्हें जानकारी नहीं है। पवन पांडे के अनुसार, यह कोई राजनीतिक विवाद नहीं, बल्कि आपसी रंजिश का मामला है।
•जिला अध्यक्ष बोले – घटना की जानकारी नहीं
इस संबंध में हावड़ा जिला सदर भाजपा अध्यक्ष गौरांग भट्टाचार्य ने कहा कि उन्हें ऐसी किसी घटना की जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि मामला राजनीतिक होता, तो उन्हें अब तक इसकी जानकारी मिल गई होती। उन्होंने आशंका जताई कि यह आपसी विवाद का मामला हो सकता है। साथ ही, उन्होंने कहा कि वह पूरे मामले की जानकारी हासिल करेंगे।
इधर, आगामी नगर निगम चुनाव के मद्देनजर भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच इस तरह की घटना को लेकर राजनीतिक चर्चाएं भी शुरू हो गई हैं। हालांकि, जिला भाजपा अध्यक्ष गौरांग भट्टाचार्य ने इस घटना के राजनीतिक होने की संभावना से इनकार करते हुए इसे आपसी विवाद से जुड़ा मामला बताया है।
फिलहाल, शिकायत में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
Baat Hindustan Ki Online News Portal