हावड़ा – पश्चिम बंगाल, बात हिन्दुस्तान की।
दक्षिण हावड़ा स्थित हिंदू बच्चों के कब्रिस्तान की बदहाल स्थिति को लेकर खबर प्रकाशित होने के बाद आखिरकार प्रशासन की नींद टूटी है। खबर का असर देखने को मिला है और प्रशासन की ओर से बीते कल से कब्रिस्तान में साफ-सफाई का काम शुरू कर दिया गया है। परिसर में उग आए बड़े-बड़े पेड़ों की छंटाई के साथ-साथ घनी झाड़ियों और जंगलनुमा हो चुके हिस्सों की सफाई की जा रही है।
गौरतलब है कि दक्षिण हावड़ा का यह हिंदू बच्चों का कब्रिस्तान लंबे समय से उपेक्षा का शिकार था। उचित देखरेख और बुनियादी सुविधाओं के अभाव में इसकी स्थिति लगातार बदतर होती जा रही थी। कब्रिस्तान तक पहुंचने के लिए समुचित रास्ते, पर्याप्त रोशनी और साफ-सफाई की व्यवस्था नहीं होने से यहां आने वाले लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। परिसर में बड़े-बड़े पेड़ और घनी झाड़ियां उग आने से पूरा इलाका जंगल में तब्दील होता जा रहा था।
इस समस्या को लेकर वार्ड कांग्रेस के नेता अमित कुमार ने आवाज उठाई थी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों के समक्ष लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए कब्रिस्तान की बदहाली दूर करने और बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की थी। इसके बाद अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण कर आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया था।
अब खबर प्रकाशित होने के बाद प्रशासन की ओर से सफाई अभियान शुरू किए जाने से स्थानीय लोगों में उम्मीद जगी है। बताया जा रहा है कि सफाई का काम पूरा होने के बाद जल्द ही इस कब्रिस्तान के सौंदर्यीकरण की दिशा में भी कदम उठाए जाएंगे।
हालांकि, स्थानीय लोगों की मांग है कि केवल साफ-सफाई तक ही काम सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि कब्रिस्तान में रोशनी, रास्ते और नियमित रखरखाव जैसी बुनियादी सुविधाएं भी सुनिश्चित की जानी चाहिए, ताकि भविष्य में दोबारा ऐसी बदहाली की स्थिति पैदा न हो।
Baat Hindustan Ki Online News Portal