हावड़ा – पश्चिम बंगाल, बात हिन्दुस्तान की।
नशामुक्त समाज के निर्माण और राष्ट्र निर्माण में युवा पीढ़ी की भूमिका को रेखांकित करने के उद्देश्य से हावड़ा में जिला स्तरीय ‘विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट 2026-27’ का आयोजन किया गया। सोमवार को विजयकृष्ण गर्ल्स कॉलेज के ऑडिटोरियम में आयोजित इस कार्यक्रम में केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत माई भारत (हावड़ा) की ओर से कोना अनुभूति फाउंडेशन के सहयोग से भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई।
‘नशामुक्त युवा, विकसित भारत’ (Nasha Mukt Yuva for Viksit Bharat) विषय पर आयोजित इस प्रतियोगिता में हावड़ा के विभिन्न क्षेत्रों से 18 से 25 वर्ष आयु वर्ग के सौ से अधिक युवक-युवतियों ने हिस्सा लिया। प्रत्येक प्रतिभागी को तीन मिनट के भाषण के माध्यम से नशामुक्त समाज के निर्माण और देश के विकास में युवाओं की भूमिका पर अपने विचार रखने का अवसर दिया गया।
कार्यक्रम में राज्य के नगर विकास एवं नगरपालिका मामलों के विभाग के राज्य मंत्री उमेश राय, जिला युवा अधिकारी अन्वेषा भट्टाचार्य तथा विजयकृष्ण गर्ल्स कॉलेज की टीचर-इन-चार्ज डॉ. करबी मित्रा सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
प्रतियोगिता में चयनित तीन सर्वश्रेष्ठ प्रतिभागियों को कोलकाता में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय अगले चरण में हिस्सा लेने का अवसर मिलेगा। युवाओं में नेतृत्व क्षमता, राजनीतिक जागरूकता और राष्ट्र निर्माण के प्रति सोच विकसित करना इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य है।
Baat Hindustan Ki Online News Portal