हावड़ा – पश्चिम बंगाल।
जगतबल्लभपुर थाना क्षेत्र के पतीयाल हाटतला बस स्टैंड के पास शुक्रवार रात एक स्वर्ण व्यवसायी से नकदी और आभूषण से भरा बैग लूटने का मामला सामने आया है। आरोप है कि विरोध करने पर बदमाशों ने व्यवसायी पर गोली चला दी, जिससे वह घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, पल्लव साहा नामक स्वर्ण व्यवसायी अपने बड़े भाई के साथ मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। इसी दौरान एक अन्य मोटरसाइकिल पर सवार चार बदमाशों ने उन्हें घेर लिया और उनके पास मौजूद नकदी एवं आभूषण से भरा बैग छीनकर फरार हो गए।
बताया गया है कि जब पल्लव साहा ने लुटेरों का विरोध किया, तो बदमाशों ने उनकी ओर एक राउंड गोली चलाई। गोली उनके पैर में लगी, जिससे वह घायल हो गए। घटना के बाद आसपास के लोगों ने बदमाशों का पीछा किया, लेकिन वे अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
सूचना मिलते ही जगतबल्लभपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस बदमाशों की तलाश में छापेमारी कर रही है।
घायल पल्लव साहा को जगतबल्लभपुर ग्रामीण अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। बताया गया है कि पल्लव साहा अपने बड़े भाई के साथ स्वर्ण आभूषण का व्यवसाय करते हैं। इसके साथ ही वह सिविक वॉलंटियर के रूप में भी कार्यरत हैं।
Baat Hindustan Ki Online News Portal