हावड़ा – पश्चिम बंगाल, बात हिन्दुस्तान की।
●हर दिन जान हथेली पर रखकर सफर करने को मजबूर लोग!
●हावड़ा के व्यस्ततम इलाकों में शामिल घुसुड़ी का गिरीश घोष रोड अब सड़क है या मौत का जाल?
गुरुवार सुबह यह इलाका एक दर्दनाक दुर्घटना का गवाह बना। एक निजी स्कूल के ठीक सामने, एक छोटे स्कूली बच्चे और उसके अभिभावक को लेकर जा रहा टोटो अचानक नियंत्रण खोकर पलट गया। हादसे में बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया और उसके शरीर से काफी खून बहने लगा।
घटनास्थल पर सिविक वॉलंटियर मौजूद होने के बावजूद सड़क की बदहाल स्थिति के कारण इस दुर्घटना को टाला नहीं जा सका। घटना के बाद अभिभावकों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा गया।
नाराज अभिभावकों ने प्रशासन से तीखे सवाल किए। उनका कहना है, “क्या प्रशासनिक अधिकारियों को एक दिन के लिए इस जर्जर सड़क पर खड़ा करने के बाद ही सरकार की नींद खुलेगी और सड़क का निर्माण होगा?”
स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई बार प्रशासन और स्थानीय नेताओं को इस समस्या से अवगत कराने के बावजूद कोई स्थायी समाधान नहीं निकला है।
अब सवाल यह है कि प्रशासन की नींद खुलने के लिए आखिर कितनी बड़ी दुर्घटना का इंतजार किया जा रहा है?
Baat Hindustan Ki Online News Portal