Breaking News

वाराणसी में दो दिवसीय यूपी पॉवर एंड इलेक्ट्रिकल एक्सपो का शुभारंभ

वाराणसी – उत्तर प्रदेश, बात हिन्दुस्तान की।

■पीएम के संसदीय क्षेत्र में बिजली, सौर ऊर्जा और स्मार्ट एनर्जी तकनीकों का संगम

■देशभर से जुटीं करीब 50 कंपनियां और 2 हजार प्रतिनिधि

पूर्वांचल में बिजली, इलेक्ट्रिकल और ऊर्जा क्षेत्र से जुड़े उद्योगों को नई दिशा देने के उद्देश्य से वाराणसी के ट्रेड फैसिलिटेशन सेंटर में शनिवार को उत्तर प्रदेश पॉवर एंड इलेक्ट्रिकल एक्सपो 2026 का शुभारंभ हुआ। 29 और 30 अगस्त तक चलने वाले इस दो दिवसीय बी2बी एक्सपो में देश के विभिन्न राज्यों से करीब 50 पावर एवं इलेक्ट्रिकल कंपनियां तथा लगभग 2 हजार प्रतिनिधि हिस्सा ले रहे हैं।

एक्सपो में बिजली उत्पादन, पावर ट्रांसमिशन, नवीकरणीय ऊर्जा, सौर ऊर्जा, इलेक्ट्रिकल उपकरण, औद्योगिक ऑटोमेशन, स्मार्ट ग्रिड, इलेक्ट्रिक वाहन और ऊर्जा भंडारण जैसी आधुनिक तकनीकों को प्रदर्शित किया जा रहा है। देशभर से आए निर्माता और तकनीकी कंपनियां अपने उत्पादों, मशीनरी और ऊर्जा क्षेत्र से जुड़े अत्याधुनिक समाधानों को उद्योग जगत के सामने पेश कर रही हैं।

आयोजक एवं ट्रेड इंडिया के डायरेक्टर कुनाल मिश्रा ने बताया कि एक्सपो का उद्देश्य केवल उत्पादों का प्रदर्शन करना नहीं है, बल्कि बिजली और ऊर्जा क्षेत्र से जुड़े निर्माताओं, आपूर्तिकर्ताओं, औद्योगिक खरीदारों, विशेषज्ञों और निर्णयकर्ताओं को एक साझा मंच उपलब्ध कराना है। इससे नए कारोबारी संपर्क, तकनीकी सहयोग और निवेश के अवसर विकसित होंगे।

उन्होंने बताया कि एक्सपो में पावर ट्रांसमिशन, रिन्यूएबल एनर्जी, इलेक्ट्रिकल इक्विपमेंट, इंडस्ट्रियल ऑटोमेशन, स्मार्ट ग्रिड, इलेक्ट्रिक व्हीकल और एनर्जी स्टोरेज जैसी तकनीकों पर विशेष फोकस किया गया है। बदलते ऊर्जा परिदृश्य में स्मार्ट और टिकाऊ ऊर्जा समाधानों की बढ़ती जरूरत को देखते हुए एक्सपो को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

●उद्योगों को मिलेगा नेटवर्किंग और बाजार विस्तार का मंच

एक्सपो में उत्तर प्रदेश समेत देश के विभिन्न हिस्सों से बिजली एवं पावर इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़ी कंपनियां भाग ले रही हैं। कंपनियों के प्रतिनिधि अपने नवीनतम उत्पादों और तकनीकी समाधानों की जानकारी संभावित खरीदारों और औद्योगिक संस्थानों को दे रहे हैं।

कुनाल मिश्रा के मुताबिक, उत्तर प्रदेश में तेजी से विकसित हो रहे औद्योगिक क्षेत्र के साथ बिजली और ऊर्जा की मांग भी लगातार बढ़ रही है। ऐसे में अत्याधुनिक इलेक्ट्रिकल और स्मार्ट एनर्जी तकनीकों को उद्योगों तक पहुंचाने के लिए इस तरह के आयोजन महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। एक्सपो के माध्यम से कंपनियों को नए बाजार तलाशने और कारोबारी साझेदारी विकसित करने का अवसर मिलेगा।

●जर्मनी की कंपनी भी ले रही भाग

एक्सपो में अंतरराष्ट्रीय स्तर की कंपनियों की भी भागीदारी देखने को मिल रही है। जर्मनी की हेनसेल इलेक्ट्रिक इंडिया 29 और 30 अगस्त को आयोजित इस एक्सपो में अपने उत्पादों और तकनीकी समाधानों का प्रदर्शन कर रही है। इससे आयोजन को अंतरराष्ट्रीय तकनीकी दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

आयोजक एवं व्यापार इंडिया एसोसिएशन के डायरेक्टर कुनाल मिश्रा ने बताया कि दो दिनों के दौरान उद्योग जगत के खरीदारों, निर्माताओं और निर्णयकर्ताओं के बीच संवाद को बढ़ावा दिया जाएगा। इसका उद्देश्य पूर्वांचल और उत्तर प्रदेश के ऊर्जा एवं इलेक्ट्रिकल बाजार को देश के बड़े औद्योगिक नेटवर्क से जोड़ना है।

●स्मार्ट एनर्जी और भविष्य की तकनीक पर जोर

एक्सपो में पारंपरिक इलेक्ट्रिकल उत्पादों के साथ ऊर्जा के भविष्य से जुड़ी तकनीकों को भी प्रमुखता दी गई है। सौर ऊर्जा, स्मार्ट ग्रिड, इलेक्ट्रिक मोबिलिटी और ऊर्जा भंडारण जैसे क्षेत्र तेजी से विस्तार कर रहे हैं। ऐसे में एक्सपो में प्रदर्शित तकनीकें उद्योगों को ऊर्जा की दक्षता बढ़ाने और आधुनिक समाधानों को अपनाने की दिशा में जानकारी उपलब्ध करा रही हैं।

आयोजक कुनाल मिश्रा ने कहा कि यूपी पावर एंड इलेक्ट्रिकल एक्सपो 2026 उद्योग जगत के लिए नेटवर्किंग, नए कारोबारी अवसर, तकनीकी सहयोग और बाजार विस्तार का प्रभावी मंच बनने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

इसके पूर्व मुख्य अतिथि एडीएम सदानंद गुप्ता, इंजीनियर जितेन्द्र मणि द्विवेदी, राजेश दुबे, निशांत सिंह एवं राजेश भाटिया ने दीप प्रज्ज्वलित कर एक्सपो का शुभारंभ किया।

About editor

Check Also

बेलूड़ स्टेशन पर जीआरपी ने मनाया राखी बंधन उत्सव, यात्रियों की सुरक्षा का दिया संदेश

हावड़ा – पश्चिम बंगाल, बात हिन्दुस्तान की। बेलूड़ जीआरपी की पहल पर बेलूड़ रेलवे स्टेशन …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *