Breaking News

लिलुआ में तीन दिवसीय हनुमत कथा का भव्य समापन, धीरेंद्र शास्त्री की एक झलक पाने उमड़ा आस्था का सैलाब

हावड़ा – पश्चिम बंगाल, बात हिन्दुस्तान की।

6 सितंबर 2026। हावड़ा के लिलुआ रेलवे क्वार्टर मैदान में आयोजित तीन दिवसीय हनुमत कथा का रविवार को भव्य समापन हुआ। कथा के अंतिम दिन रविवार होने के कारण दूर-दराज से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। मैदान में भक्तों की भारी भीड़ देखने को मिली और लोग बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र शास्त्री की एक झलक पाने के लिए उत्साहित नजर आए।

पिछले शुक्रवार से शुरू हुए इस तीन दिवसीय धार्मिक कार्यक्रम के दौरान धीरेंद्र शास्त्री ने लगातार तीनों दिन हनुमत कथा का गुणगान किया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने कथा का रसपान किया और उनके द्वारा बताए गए आध्यात्मिक एवं जीवनोपयोगी संदेशों को अपने जीवन में उतारने की प्रेरणा ली।

●दिव्य दरबार में लगी अर्जियां, कई भक्तों को बताया समाधान

रविवार को कार्यक्रम के दौरान दिव्य दरबार का भी आयोजन किया गया। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने अपनी अर्जियां लगाईं। कुछ भक्तों की पर्चियां खुलीं और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए उपाय बताए गए। पर्ची लगने वाले कई भक्त उत्साहित और खुश नजर आए, वहीं कई श्रद्धालु ऐसे भी रहे जिनकी अर्जी नहीं लग पाई और उन्हें निराश होकर लौटना पड़ा।

●मंत्री और कई विशिष्ट हस्तियां हुईं शामिल

समापन कार्यक्रम में कई नेता, मंत्री, कथावाचक और अन्य विशिष्ट लोग मौजूद रहे। इनमें मंत्री सुकांत मजूमदार, बाली के विधायक संजय सिंह, तारकेश्वर के विधायक संतु पान, पूर्व रेलवे की महाप्रबंधक गीतिका पांडे और प्रसिद्ध कथावाचक जया किशोरी सहित कई गणमान्य लोग शामिल हुए।

●अन्नपूर्णा भंडार में हजारों श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद

दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए कार्यक्रम स्थल पर अन्नपूर्णा भंडार की व्यवस्था की गई थी। यहां हजारों की संख्या में भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजकों की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक इंतजाम किए गए थे।

वहीं, भारी भीड़ के कारण पुलिस प्रशासन और स्वयंसेवकों को भीड़ नियंत्रित करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। श्रद्धालुओं की संख्या इतनी अधिक थी कि कई लोग बैरिकेड के ऊपर चढ़कर धीरेंद्र शास्त्री की एक झलक पाने की कोशिश करते नजर आए। प्रशासन और वालंटियर लगातार लोगों से व्यवस्था बनाए रखने की अपील करते रहे।

तीन दिनों तक चले इस आयोजन के समापन पर लिलुआ का पूरा क्षेत्र धार्मिक माहौल में डूबा रहा और श्रद्धालुओं में कार्यक्रम को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।

About editor

Check Also

CEC ज्ञानेश कुमार पर टिप्पणी से अग्निमित्र पाल ने किया इनकार, ममता बनर्जी की रैली पर बोलीं – प्रदर्शन करना उनका अधिकार

हावड़ा – पश्चिम बंगाल, बात हिन्दुस्तान की। ‘सेवा मेरा सहयोग’ कार्यक्रम के तहत शनिवार को …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *