–पुष्पा शाव, हुगली – पश्चिम बंगाल, बात हिन्दुस्तान की।
खाद्य सुरक्षा को लेकर हुगली जिला प्रशासन की ओर से चलाए जा रहे अभियान में चौंकाने वाले आंकड़े सामने आए हैं। जिले में जहां-जहां खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने अभियान चलाया, वहां बड़ी संख्या में नियमों का उल्लंघन पाया गया।
हुगली के जिलाधिकारी खुर्शीद अली कादरी ने बताया कि जिले में अब तक 270 स्थानों पर खाद्य सुरक्षा अभियान चलाया गया, जिनमें से 251 जगहों पर नियमों का पालन नहीं होने की शिकायत या अनियमितता पाई गई। यह कुल जांच का करीब 92.96 प्रतिशत है।
प्रशासन की कार्रवाई के तहत 19 खाद्य इकाइयों का कारोबार बंद कराया गया, जबकि 28 मामलों में कानूनी प्रक्रिया शुरू की गई है। इसके अलावा 3 लाइसेंस निलंबित किए गए हैं।
अभियान के दौरान करीब 13 लाख 82 हजार रुपये मूल्य की खाद्य सामग्री जब्त की गई, जबकि 1 लाख 13 हजार 438 रुपये की खाद्य सामग्री नष्ट कराई गई।
जिलाधिकारी ने कहा कि खाद्य सुरक्षा अभियान आने वाले दिनों में भी जारी रहेगा। खासकर पूजा के दौरान बड़ी संख्या में खाद्य स्टॉल लगाए जाते हैं। प्रशासन यह सुनिश्चित करेगा कि इन स्टॉलों पर स्वास्थ्य और खाद्य सुरक्षा के नियमों का पालन हो।
अगर पूजा के दौरान कहीं खराब या अस्वास्थ्यकर भोजन बेचा जाता है, तो आम लोग इसकी शिकायत जिला प्रशासन तक कर सकते हैं।
●शिकायत के लिए ई-मेल: foodfafetywb@gmail.com
●खाद्य सुरक्षा हेल्पलाइन: 1800-11-2100
जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब या असुरक्षित खाद्य सामग्री की बिक्री दिखाई देने पर तुरंत शिकायत करें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
Baat Hindustan Ki Online News Portal