Breaking News

हावड़ा मैदान में फुटपाथी कारोबारियों से मिले पीएम के सलाहकार तरुण कपूर, योजनाओं के लाभ की ली जानकारी

हावड़ा – पश्चिम बंगाल, बात हिन्दुस्तान की

प्रधानमंत्री के सलाहकार तरुण कपूर ने शनिवार को हावड़ा मैदान इलाके का दौरा कर फुटपाथ और सड़क किनारे छोटे-छोटे खुदरा कारोबार करने वाले व्यवसायियों से मुलाकात की। उन्होंने कारोबारियों का हालचाल जाना और केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं के तहत उन्हें मिल रही सुविधाओं के बारे में जानकारी ली।

इस दौरान तरुण कपूर ने कारोबारियों से पूछा कि क्या उन्हें प्रधानमंत्री की योजनाओं के तहत ऋण सहित अन्य सुविधाओं का लाभ मिल रहा है या नहीं। साथ ही, कारोबार के दौरान उन्हें किसी तरह की परेशानी अथवा सरकारी सुविधा से जुड़ी समस्या तो नहीं है, इसकी भी जानकारी ली। कारोबारियों ने अपनी समस्याओं और जरूरतों से उन्हें अवगत कराया।

कारोबारियों के मुताबिक, बातचीत के दौरान उन्हें बताया गया कि उन्हें एक प्रमाणपत्र दिया जाएगा। कारोबारियों का कहना है कि इस प्रमाणपत्र के माध्यम से उनके व्यवसाय को लेकर उन्हें सुरक्षा और सुविधा मिलने की उम्मीद है। केंद्र सरकार की पहल से छोटे कारोबारियों ने संतोष जताया।

फुटपाथी कारोबारियों से बातचीत के बाद तरुण कपूर हावड़ा नगर निगम पहुंचे। वहां उन्होंने निगम के अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में छोटे कारोबारियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, प्रधानमंत्री की योजनाओं के क्रियान्वयन तथा आम लोगों को केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ मिल रहा है या नहीं, जैसे विषयों पर जानकारी ली गई।

सूत्रों के अनुसार, दौरे के दौरान जुटाई गई जानकारी प्रधानमंत्री कार्यालय तक पहुंचाई जा सकती है। खासकर पश्चिम बंगाल में सत्ता परिवर्तन के बाद केंद्र सरकार की योजनाओं और सुविधाओं का लाभ आम लोगों तक किस स्तर तक पहुंच रहा है, इस संबंध में भी जानकारी साझा किए जाने की संभावना है।

About editor

Check Also

‘भक्ति ही शक्ति’ थीम पर रामकृष्णपुर पल्ली के 80वें दुर्गोत्सव का आगाज, अभिनेत्री ओलिविया सरकार ने किया उद्घाटन

हावड़ा – पश्चिम बंगाल, बात हिन्दुस्तान की। भक्ति में ही शक्ति निहित है और भक्ति …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *