Breaking News

चोरबागान हादसा: मृतक विकास भट्टाचार्य के परिजनों से मिले मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी, 25 लाख रुपये का चेक सौंपा

हावड़ा – पश्चिम बंगाल, बात हिन्दुस्तान की।

चोरबागान हादसे में जान गंवाने वाले विकास भट्टाचार्य के परिजनों से मिलने के लिए मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी शनिवार रात करीब आठ बजे सलकिया स्थित उनके घर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने शोक संतप्त परिवार के सदस्यों से मुलाकात की और उन्हें हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री ने मृतक के परिवार को 25 लाख रुपये का चेक सौंपा। इसके अलावा प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से दो लाख रुपये का चेक बाद में सौंपा जाएगा।

मुख्यमंत्री ने बताया कि चोरबागान हादसे में मृतकों के परिजनों से मिलने के सिलसिले में यह उनका 16वां दौरा है। रविवार को वह पूर्व मेदिनीपुर के रामनगर में एक अन्य मृतक के परिवार से मिलने जाएंगे। इसके बाद बिहार के मुजफ्फरपुर में इस हादसे में जान गंवाने वाले दो लोगों के परिजनों को चेक देने के लिए मंत्री उमेश राय को भेजेंगे। मुख्यमंत्री दोनों परिवारों से वर्चुअल माध्यम से बातचीत भी करेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वर्ष राज्य में दुर्गापूजा के दौरान करीब 68 हजार पूजा आयोजनों के बीच केवल एक दुर्घटना हुई। हादसे के बाद भवानी भवन से सभी जिलों के जिलाधिकारियों (डीएम), पुलिस अधीक्षकों (एसपी) और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक की गई थी। बैठक में सुरक्षा को लेकर कई निर्देश दिए गए थे। मुख्यमंत्री के अनुसार, उन निर्देशों के पालन के बाद राज्य में कोई दूसरी दुर्घटना नहीं हुई।

उन्होंने बताया कि चोरबागान हादसे की जांच के लिए गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) तीन महीने के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आगामी 28 अक्टूबर को कालीपूजा, दिवाली और अन्य त्योहारों को लेकर एक बैठक बुलाई गई है। इसमें पर्यावरण विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहेंगे। बैठक में त्योहारों के आयोजन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश तय किए जाएंगे।

●डेंगू के बढ़ते मामलों पर भी जताई चिंता

राज्य में डेंगू के बढ़ते मामलों, खासकर हावड़ा के बांकड़ा इलाके में संक्रमण फैलने के संबंध में पूछे जाने पर मुख्यमंत्री ने कहा कि हर साल मानसून समाप्त होने के बाद डेंगू का प्रकोप देखने को मिलता है। हालांकि, उनके अनुसार पिछले वर्ष की तुलना में इस साल डेंगू से संक्रमित होने वालों और मृतकों की संख्या काफी कम है। इसके बावजूद उन्होंने कहा कि वह स्थिति से संतुष्ट नहीं हैं और डेंगू की रोकथाम के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

●परिवार के सदस्य को नौकरी का आश्वासन

मुख्यमंत्री ने विकास भट्टाचार्य के भतीजे अमिताभ भट्टाचार्य को नौकरी देने का आश्वासन भी दिया। साथ ही जिलाधिकारी पी. दीपाप प्रिया को निर्देश दिया कि परिवार को आयुष्मान कार्ड सहित अन्य सरकारी सुविधाएं उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

About editor

Check Also

दार्जिलिंग टॉय ट्रेन ने बनाया रिकॉर्ड, अक्टूबर के पहले 20 दिनों में 12 हजार पर्यटकों ने किया सफर, ₹1.41 करोड़ की कमाई

दार्जिलिंग – पश्चिम बंगाल, बात हिन्दुस्तान की। दार्जिलिंग की पहचान और पहाड़ों के प्रमुख आकर्षणों …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *